अगर आप भी एक एडवेंचर बाइक खरीदना का प्लान कर रहे हैं, तो एक बढ़िया विकल्प आपके लिए तैयार है। डुकाटी ने डेजर्टएक्स वी2 की बुकिंग शुरू कर दी है। कंपनी ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी है। नई बाइक को EICMA 2026 में दुनिया के सामने पेश किया गया था। अब भारतीय ग्राहक भी इसे बुक कर सकते हैं। इस बार डेजर्टएक्स में सिर्फ इंजन ही नहीं, बल्कि फ्रेम और सस्पेंशन में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। इसमें नया 890cc वी2 इंजन मिलेगा, जो 110.3 hp की पावर और 92 Nm का टॉर्क देगा। कंपनी ने अभी इसकी लॉन्चिंग की तारीख और आधिकारिक कीमत का खुलासा नहीं किया है।
क्या है डेजर्टएक्स वी2 की खासियत?
- फिलहाल सामने आई जानकारी के अनुसार, नई डुकाटी डेजर्टएक्स वी2 में 890cc का 90-डिग्री V2 इंजन दिया जाएगा। इसके साथ मोनोकोक फ्रेम मिलेगा। यह इंजन पुराने मॉडल में इस्तेमाल होने वाले 937cc लिक्विड-कूल्ड टेस्टास्ट्रेटा11-डिग्री इंजन की जगह लेगा।
- कंपनी ने नए इंजन को बेहतर ऑफ-रोड परफॉर्मेंस और लंबे सर्विस इंटरवल को ध्यान में रखकर तैयार किया है। यह इंजन 9,000 rpm पर 110.3 hp की पावर और 7,000 rpm पर 92 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है।
डेजर्टएक्स रैली में मिलेगा ज्यादा दमदार सस्पेंशन
- साथ ही कंपनी स्टैंडर्ड मॉडल के साथ डेजर्टएक्स रैली वेरिएंट भी पेश करने की तैयारी में है। इसे खासतौर पर उन राइडर्स के लिए तैयार किया गया है, जो मुश्किल रास्तों पर बाइक चलाना और ऑफ-रोडिंग करना पसंद करते हैं।
- रैली वेरिएंट में 48mm का पूरी तरह एडजस्ट होने वाला KYB फ्रंट फोर्क दिया गया है। इसमें क्लोज्ड-कार्ट्रिज डिजाइन के साथ काशिमा और डीएलसी कोटिंग मिलती है। इसके फ्रंट सस्पेंशन का ट्रैवल भी बढ़ाया गया है। पहले यह 231mm था, जिसे अब 249mm कर दिया गया है। इस वेरिएंट की सीट हाइट 878mm है।
खराब रास्तों के लिए खास व्हील्स
- साथ ही डेजर्टएक्स V2 रैली में हल्के एक्सेल ताकासागो सेंटर-स्पोक ट्यूबलेस रिम दिए गए हैं। पिछले पहिये में 36 स्पोक मिलते हैं। इसका रिम स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले ज्यादा पतला है।
- रैली वेरिएंट में मोनोकोक फ्रेम दिया गया है। बिना फ्यूल के इस बाइक का वजन 209 किलोग्राम है। इन बदलावों के साथ इसे खराब रास्तों और ऑफ-रोड राइडिंग के लिए तैयार किया गया है।
राइडर्स को कौन-कौन से फीचर्स मिलेंगे?
- नई डेजर्टएक्स V2 में राइडिंग को आसान और बेहतर बनाने के लिए कई फीचर्स दिए गए हैं। इसमें 5-इंच का TFT डिस्प्ले और क्रूज कंट्रोल मिलेगा। इसके अलावा राइडर अपनी जरूरत के हिसाब से राइडिंग मोड और पावर मोड चुन सकेंगे।
- सुरक्षा और कंट्रोल के लिए इसमें कॉर्नरिंग एबीएस, ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल और इंजन ब्रेक कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलेंगे। बाइक में बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर भी दिया गया है, जिसकी मदद से क्लच दबाए बिना गियर बदले जा सकते हैं।
कितनी होगी कीमत और कब होगी लॉन्च?
- कंपनी ने भारत में डेजर्टएक्स V2 की बुकिंग शुरू कर दी है, लेकिन अभी इसकी लॉन्चिंग तारीख और आधिकारिक कीमत का एलान नहीं हुआ है। उम्मीद है कि अगले कुछ हफ्तों में यह बाइक भारतीय शोरूम में पहुंच सकती है।
- इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत 19 से 20 लाख रुपये के बीच रहने की उम्मीद है। अब भारतीय ग्राहकों को कंपनी की ओर से लॉन्चिंग और कीमत की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।