अगर नेशनल हाईवे पर सफर के दौरान गाड़ी का पेट्राल या डीजल खत्म हो जाए और आप बीच रास्ते में फंस जाएं, तो क्या टोल प्लाजा से मुफ्त ईंधन मिल सकता है? अक्सर वाहन चालकों के मन में ऐसे सवाल रहते हैं। दरअसल, टोल प्लाजा की ओर से फंसे हुए यात्रियों को मुफ्त पेट्रोल या डीजल देने जैसा कोई प्रावधान नहीं है। हालांकि, इमरजेंसी में नेशनल हाईवे की पेट्रोलिंग और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें मदद कर सकती हैं। जरूरत पड़ने पर फ्यूल सपोर्ट या टोइंग सर्विस का इंतजाम भी किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए वाहन चालक को खर्च देना होगा।
क्या टोल प्लाजा पर मिलता है मुफ्त पेट्रोल या डीजल?
नहीं...एनएचएआई के एक्स पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे पर बने टोल प्लाजा वाहन चालकों को मुफ्त पेट्रोल या डीजल नहीं देते हैं। अगर सफर के दौरान गाड़ी का ईंधन खत्म हो जाता है, तो टोल प्लाजा से मुफ्त फ्यूल नहीं मिलेगा। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हाईवे पर फंसे यात्रियों को कोई मदद नहीं मिल सकती। जरूरत पड़ने पर नेशनल हाईवे की पेट्रोलिंग और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें सहायता कर सकती हैं।
इमरजेंसी में कैसे मिलेगी मदद?
- पोस्ट में साझा की गई जानकारी के अनुसार, अगर नेशनल हाईवे पर आपकी गाड़ी का पेट्रोल या डीजल खत्म हो गया है, तो इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम से संपर्क किया जा सकता है। स्थिति के मुताबिक टीम फ्यूल सपोर्ट का इंतजाम करने या गाड़ी को नजदीकी पेट्रोल पंप तक पहुंचाने के लिए टोइंग सर्विस उपलब्ध कराने में मदद कर सकती है।
- ध्यान देने वाली बात है कि यह सुविधा मुफ्त ईंधन देने के बराबर नहीं है। अगर आपको फ्यूल उपलब्ध कराया जाता है, तो उसका खर्च खुद वाहन चालक को उठाना पड़ सकता है।
- इसके अलावा अगर चालक कभी ऐसी स्थिति में फंस जाता है, तो वह NHAI के टोल वाले नेशनल हाईवे पर किसी भी तरह की इमरजेंसी में वाहन चालक 1033 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं। यह नेशनल हाईवे हेल्पलाइन 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहती है।
- इसलिए अगर हाईवे पर ईंधन खत्म होने, गाड़ी खराब होने या किसी दूसरी आपात स्थिति के कारण आप फंस जाते हैं, तो 1033 पर संपर्क करके सहायता मांग सकते हैं।
सफर से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि लंबे हाईवे सफर पर निकलने से पहले गाड़ी में पर्याप्त पेट्रोल या डीजल जरूर भरवा लें। रास्ते में उपलब्ध पेट्रोल पंपों की जानकारी रखें और फ्यूल टैंक को बहुत कम होने तक चलाने से बचें। इसके बावजूद अगर इमरजेंसी में रास्ते पर फंस जाएं, तो सुरक्षित जगह पर गाड़ी रोककर 1033 हेल्पलाइन से संपर्क करें। नेशनल हाईवे पर इमरजेंसी सहायता मिल सकती है, लेकिन टोल प्लाजा से मुफ्त पेट्रोल या डीजल मिलने की सुविधा नहीं है।