फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिवाली के बाद बढ़ा प्रदूषण पहुंचा सकता है कार को नुकसान: अपनी गाड़ी की कैसे करें सुरक्षा? जानें चार आसान टिप्स

Mon, 09 Nov 2026 09:00 AM IST
जागृति शुक्ला ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • पटाखों की राख से कार के पेंट को नुकसान।
  • एयर फिल्टर जल्दी हो सकते हैं बंद।
  • कार धोने के लिए अपनाएं सही तरीका।
  • एसी को रीसर्कुलेशन मोड पर चलाएं।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिवाली का त्योहार खत्म होने के बाद भी पटाखों का असर कुछ समय तक वातावरण में बना रहता है। पटाखों से निकलने वाली राख, सल्फर, कार्बन सूट और धूल न सिर्फ हवा को प्रदूषित करते हैं, बल्कि आपकी कार के लिए भी परेशानी खड़ी कर सकते हैं। इनकी वजह से कार के पेंट पर एक परत जम सकती है, जिससे क्लियर कोट खराब होने का खतरा रहता है। इसके अलावा एयर फिल्टर जल्दी गंदे हो सकते हैं और सड़क पर स्मॉग की वजह से विजिबिलिटी भी कम हो सकती है।
विज्ञापन

विशेषज्ञ कहते हैं कि ऐसे में कार मालिकों के लिए जरूरी है कि वे दिवाली के बाद अपनी गाड़ी की सफाई और रखरखाव पर खास ध्यान दें। कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर कार को प्रदूषण से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है।

1. कार की सफाई करते समय किन बातों का रखें ध्यान?
  • दिवाली के बाद कार पर पटाखों की राख, धूल जमा हो सकता है। ऐसे में गाड़ी को साफ करने के लिए सूखे कपड़े या डस्टर का इस्तेमाल करने से बचें। दरअसल, राख और सूट में मौजूद कण कार के पेंट पर रगड़ खाने से स्वर्ल मार्क्स यानी बारीक खरोंच छोड़ सकते हैं।
  • कार की सफाई के लिए सबसे पहले पूरे वाहन पर साफ पानी या फोम स्प्रे करें। इससे जमा हुई गंदगी अपने आप बह जाएगी। इसके बाद ही स्पंज या वॉश मिट की मदद से कार धोएं।
  • घर पर कार धो रहे हैं तो टू-बकेट मेथड अपनाना बेहतर हो सकता है। इसमें एक बाल्टी में कार शैम्पू और दूसरी में साफ पानी रखें। वॉश मिट को हर बार साफ पानी में धोने के बाद ही दोबारा शैम्पू में डुबोएं। इससे गंदगी दोबारा कार के पेंट पर नहीं लगेगी।
  • कार धोने के बाद माइक्रोफाइबर कपड़े से उसे अच्छी तरह सुखाएं। इसके बाद वैक्स या सिरेमिक स्प्रे कोटिंग लगा सकते हैं। इससे कार की सतह पर सुरक्षा की परत बनेगी और भविष्य में धूल कम चिपकेगी।
विज्ञापन

2. एयर फिल्टर को जरूर चेक करवाएं
  • इसी के साथ दिवाली के बाद बढ़े प्रदूषण का असर कार के एयर फिल्टर पर भी पड़ सकता है। खासतौर पर केबिन एयर फिल्टर यानी एसी फिल्टर में धूल और प्रदूषण के कण जल्दी जमा हो सकते हैं।
  • अगर आपकी कार का केबिन एयर फिल्टर पुराना है या ज्यादा गंदा हो गया है, तो उसे साफ करवाएं या जरूरत पड़ने पर बदलवा लें।
  • इसके अलावा इंजन एयर फिल्टर की जांच करवाना भी जरूरी है। अगर यह गंदगी की वजह से बंद होने लगे तो इंजन का थ्रॉटल रिस्पॉन्स कमजोर पड़ सकता है। इसका असर कार के माइलेज पर भी पड़ सकता है।

3. स्मॉग में गाड़ी चलाते समय रखें खास ध्यान
  • दिवाली के बाद कई इलाकों में प्रदूषण और स्मॉग बढ़ जाता है। ऐसे में कार चलाते समय कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है। सबसे पहले कार के सभी शीशे और सनरूफ बंद रखें, ताकि बाहर की प्रदूषित हवा केबिन में न आए।
  • इसके साथ ही एसी को रीसर्कुलेशन मोड पर चलाएं। इस मोड में कार के अंदर की हवा दोबारा घूमती रहती है और बाहर की प्रदूषित हवा का प्रवेश कम होता है।
  • स्मॉग के दौरान हेडलाइट्स का इस्तेमाल भी सही तरीके से करना चाहिए। ऐसे में लो-बीम हेडलाइट्स और फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करें। हाई बीम लाइट धुएं और स्मॉग से टकराकर ज्यादा चमक पैदा कर सकती है, जिससे सामने देखने में परेशानी होती है और विजिबिलिटी कम हो सकती है।

4. पीयूसी सर्टिफिकेट रखें वैध
  • दिवाली के बाद बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए गाड़ियों के एमिशन पर भी ध्यान देना जरूरी है। इसके लिए अपनी कार का पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट वैध रखें। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की जांच सख्त हो सकती है। ऐसे में बिना वैध पीयूसी सर्टिफिकेट के गाड़ी चलाने पर जुर्माना लग सकता है।
  • इसके अलावा कार में हमेशा अच्छी क्वालिटी का ईंधन भरवाएं और समय पर सर्विस करवाते रहें। इससे कार का इंजन बेहतर तरीके से काम करेगा और गाड़ी से होने वाला प्रदूषण कम रखने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें