इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शुरू हुई बग्गी सेवा
- फोटो : newdelhiairport.in
दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI) वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं और विशेष आवश्यकता वाले यात्रियों के लिए फ्री इलेक्ट्रिक बग्गी सेवा प्रदान कर रहा है। अक्सर टर्मिनल्स के भीतर गेट तक की दूरी काफी अधिक होती है, जो बुजुर्गों या गर्भवती महिलाओं के लिए थकान भरी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ये पिक एंड ड्रॉप सुविधा पूरी तरह मुफ्त दी जा रही है। खास बात है कि ये सेवा 24/7 उपलब्ध है।
कौन उठा सकता है इस सेवा का लाभ?
इस सेवा का लाभ खासतौर पर वो यात्री उठा सकते हैं, जिन्हें चलने-फिरने में सहायता की आवश्यकता है। यानी जिन्हें लंबी दूरी तक चलने में समस्या होती है। जैसे वरिष्ठ नागरिक, सुरक्षा और आराम की नजर से देखा जाए तो गर्भवती महिलाएं। इसके अलावा छोटे बच्चों वाले परिवार, जिनके पास सामान और बच्चों की जिम्मेदारी है या फिर पीआरएम ( Persons with Reduced Mobility) यात्री, जो कम गतिशीलता वाले, शारीरिक रूप से अक्षम या विशेष सहायता की आवश्यकता वाले होते हैं।
ये भी पढ़े: Driver Fatigue Reduction: अब लंबे सफर में भी नहीं होगी थकान, जानें कैसे ड्राइविंग को आसान बनाती हैं ये तकनीकें
कैसे बुक कर सकते हैं?
बग्गी सेवा का लाभ उठाना बेहद आसान है। इसके लिए यात्रियों को बस नीचे बताए गए तरीकों को अपनाना होगा।
- कियोस्क: सबसे पहले टर्मिनल के अंदर लगे टचस्क्रीन कियोस्क (Firstouch) के माध्यम से अनुरोध करें।
- सर्विस काउंटर: इसके अलावा हवाई अड्डे पर मौजूद समर्पित सहायता काउंटरों पर संपर्क कर सकते हैं।
- एयरलाइन को सूचना: बेहतर अनुभव के लिए अपनी यात्रा से 48 घंटे पहले संबंधित एयरलाइन को सूचित कर सकते हैं।
- ऑन-स्पॉट: चेक-इन या बोर्डिंग गेट के पास उपलब्ध कर्मचारियों से भी मदद मांगी जा सकती है। ये सेवा मुख्य रूप से टर्मिनल 3 में उपलब्ध है, जबकि अन्य टर्मिनलों में भी पीआरएम सपोर्ट मौजूद है।
क्या ये मुफ्त है?
ध्यान दें कि ये सेवा पूरी तरह से फ्री है। इसके लिए आपको कोई भी राशि देने की जरूरत नहीं है। ये सेवा 24x7 उपलब्ध है। यानी दिन-रात किसी भी समय चेक-इन काउंटर, सिक्योरिटी चेक और बोर्डिंग गेट तक सहायता प्रदान करती है।