भारत दुनिया की सबसे बड़ी आबादी है और यहां गाड़ियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। भारत में ड्राइविंग करना बेहद जोखिम भरा माना जाता है। ऐसे में डैशकैम आपकी कार के लिए एक जरूरी सुरक्षा साधन बन सकते हैं। दुर्घटना, धोखाधड़ी, ओवरस्पीडिंग के आरोप, हिट-एंड-रन या बीमा क्लेम इन सभी के लिए डैशकैम बहुत मददगार साबित हो सकता है, जो भरोसेमंद सबूत देने में आपकी मदद करेगा। HD रिकॉर्डिंग, जीपीएस और पार्किंग मोड जैसे फीचर्स इसे और भी उपयोगी बना देते हैं।
पहले ज्यादातर लोग इन्हें सिर्फ एक 'फैंसी एड-ऑन' मानते थे, लेकिन अब यह धीरे-धीरे कार सुरक्षा का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं। बढ़ते हादसों, ट्रैफिक और फर्जी बीमा क्लेम के कारण भारतीय ड्राइवरों के लिए डैशकैम पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है। साथ ही अब ये किफायती भी हैं और आसानी से मोबाइल से कनेक्ट हो जाते हैं।
क्यों जरूरी है डैशकैम?
पहले किसी हादसे या विवाद में सिर्फ गवाहों की बातों या खराब मोबाइल वीडियो पर भरोसा करना पड़ता था। लेकिन अब डैशकैम से मिली HD फुटेज में ये सब साफ नजर आता है कि हादसा कब और कैसे हुआ, गाड़ी कितनी तेज चल रही थी, लोकेशन और टाइमस्टैम्प और किसकी गलती थी। कई अध्ययनों में पाया गया है कि डैशकैम होने पर फर्जी क्लेम का खतरा काफी कम हो जाता है। भारत जैसे देश में जहां लापरवाह ड्राइविंग आम है, वहां डैशकैम बहुत मददगार साबित हो सकता है।
डैशकैम खरीदते समय किन फीचर्स पर ध्यान दें?
डैशकैम खरीदने से पहले ध्यान रखना है कि उसमें Full HD या 4K रिकॉर्डिंग हो ताकि वीडियो साफ आए, वाइड-एंगल लेंस फीचर हो ताकि सड़क का ज्यादा हिस्सा कवर हो, लूप रिकॉर्डिंग और ज्यादा स्टोरेज हो ताकि मेमोरी भरने की दिक्कत न हो, जीपीएस और जी-सेंसर लगा हो ताकि स्पीड, लोकेशन और टक्कर की जानकारी रिकॉर्ड करता रहे, मोबाइल एप और क्लाउड बैकअप मौजूद हो जिससे जरूरी फुटेज सुरक्षित रहे और पार्किंग मोड/मोशन डिटेक्शन फीचर हो जिससे गाड़ी खड़ी होने की स्थिति में भी रिकॉर्डिंग चालू रहे।
कानूनी और बीमा से जुड़े फायदे
- पुलिस जांच में मदद
- विवाद जल्दी सुलझते हैं
- बीमा क्लेम का निपटारा आसान
- साफ फुटेज होने पर कई बार क्लेम मंजूरी जल्दी मिल जाती है
सही इंस्टॉलेशन भी उतना ही जरूरी
डैशकैम का सही इंस्टॉलेशन बेहद जरूरी है। डैशकैम कैमरे को रियरव्यू मिरर के पीछे लगाएं जिससे आपको साफ दिखाई दे, भरोसेमंद पावर सप्लाई (12V सॉकेट या हार्ड-वायरिंग) लगाएं, फुटेज का नियमित बैकअप लें, हाई-रिस्क एरिया में पार्किंग होने पर रियर कैमरा लगाना भी बेहतर विकल्प है। डैशकैम इंस्टॉल होने के बाद कैमरा आपकी कार की सुरक्षा का हिस्सा वैसे ही बन जाता है जैसे सीट बेल्ट या एयरबैग। सड़कों पर बढ़ते जोखिम, फर्जीवाड़ा और तकनीक से मिलने वाली साफ रिकॉर्डिंग इन सबके कारण डैशकैम अब कोई 'एड-ऑन' नहीं बल्कि एक जरूरी सुरक्षा निवेश बन गया है। चाहे आप रोज सफर करते हों, शहर में कम्यूट करते हों या लंबी ड्राइव पर जाते हों। एक अच्छा डैशकैम आपकी सुरक्षा और मन की शांति, दोनों बढ़ा देता है।