चीन में असल का नकल कर बनाए गए उत्पादों को लेकर भारत में चर्चा कोई नई बात नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक्स हो या बैग, घड़ियां हों या कार... आप किसी भी श्रेणी में किसी भी उत्पाद का नाम लीजिए, शायद ही ऐसा कोई उत्पाद होगा जिसकी चीन में नकल के उदाहरण किसी न किसी रूप में आते रहे हैं। अब एक नई इलेक्ट्रिक एसयूवी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसे लोग Range Rover से प्रेरित बता रहे हैं।
कौन-सी SUV चर्चा में है?
यह मॉडल XPeng का बताया जा रहा है और इसे XPeng GX नाम दिया गया है। यह एक छह-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी है, जिसे हाल ही में चीन में पेश किया गया है। इंटरनेट पर सामने आई तस्वीरों ने इसे चर्चा का केंद्र बना दिया है।
Range Rover जैसी क्यों दिखती है यह कार?
XPeng GX का डिजाइन पहली नजर में ही Range Rover Sport से काफी मिलता-जुलता लगता है। इसकी बॉक्सी और ऊंची बॉडी, फ्लोटिंग रूफ डिजाइन और ब्लैक किए गए विंडो पिलर्स, सब कुछ Range Rover स्टाइल की याद दिलाता है।
2025 Range Rover Sport SUV
- फोटो : Land Rover
डिजाइन में कौन-कौन से एलिमेंट्स मिलते हैं?
एसयूवी के साइड प्रोफाइल में आगे से पीछे तक जाती सीधी और फ्लैट लाइन दिखाई देती है, जो Range Rover की पहचान मानी जाती है। दरवाजों के हैंडल बॉडी के साथ फ्लश फिट किए गए हैं। इसके अलावा, फ्रंट विंडशील्ड का एंगल और मिडिल पिलर्स का अनुपात भी Range Rover Sport से मिलता-जुलता नजर आता है।
Range Rover Evoque Autobiography
- फोटो : Range Rover
क्या पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं?
इससे पहले Landwind X7 ने दुनिया भर में सुर्खियां बटोरी थीं, क्योंकि उसका लुक Jaguar Land Rover की Range Rover Evoque से बेहद मिलता था। उस मामले में कानूनी कार्रवाई हुई थी और ट्रेडमार्क फैसले के बाद उस मॉडल का उत्पादन रोकना पड़ा था।
XPeng GX को लेकर सोशल मीडिया की क्या प्रतिक्रिया है?
XPeng का कहना है कि GX उसका फ्लैगशिप मॉडल है, लेकिन सोशल मीडिया पर ज्यादातर प्रतिक्रियाएं इसके डिजाइन को लेकर हैं। कई यूजर्स इसे Range Rover Sport से अत्यधिक प्रेरित या उसकी कॉपी बता रहे हैं।
क्या यह मामला फिर विवाद की ओर बढ़ सकता है?
XPeng GX का मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि डिजाइन की प्रेरणा और नकल के बीच की रेखा कहां खींची जाए। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह एसयूवी सिर्फ सोशल मीडिया चर्चा तक सीमित रहती है या फिर किसी कानूनी विवाद की वजह बनती है।