स्वीडिश लग्जरी कार निर्माता भारत में अपना प्लांट स्थापित करने का मन बना रही है। कंपनी की तरफ से दिए गए एक बयान में कहा गया है कि भारतीय बाजार में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए वोल्वो भारत में अपना प्लांट शुरू करने का प्लान बना रही है। वोल्वो ने वर्ष 2020 तक मौजूदा 4.40 लाख कारों की बिक्री के सालाना आंकड़े को बढ़ाकर 8 लाख करने का लक्ष्य रखा है।
कंपनी के तरफ से दिए गए एक बयान में घोषणा की गई कि वोल्वो ने भारतीय बाजार में मौजूद अपने अलग-अलग मॉडल की कीमतों में जनवरी से 5 फीसदी तक की बढोतरी करने का फैसला किया है। कीमतों में इजाफे के पीछे कंपनी ने रुपये के अवमूल्यन, बढ़ती मुद्रास्फीति दर और आयात शुल्क महंगे होने को प्रमुख कारण बताया है। वोल्वो ऑटो इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर थॉमस ऐरनबर्ग ने बताया कि कंपनी भारत में प्लांट स्थापित करने पर विचार कर रही है।
मार्केटिंग डायरेक्टर सुदीप नारायण ने बताया कि जनवरी से कंपनी अपनी सभी मॉडल्स की कीमतों में 5 फीसदी तक का इजाफा कर रही है। गौरतलब है कि अन्य लग्जरी कार निर्माता कंपनियां बीएमडब्लू, मर्सिडीज और ऑडी ने अपनी कीमतों में 6 से 8 फीसदी बढोतरी की पहले ही घोषणा कर चुकी है।