वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के मुताबिक इस साल अक्तूबर में यात्री वाहनों की बिक्री में पिछले साल अक्तूबर के मुकाबले 4.48 फीसदी की बढ़ोतरी रही। इस साल अक्टूबर में यात्री वाहनों की बिक्री 280677 यूनिट रही जबकि पिछले साल अक्टूबर में यह बिक्री 268630 यूनिट थी। हालांकि इस साल अक्टूबर में यात्री कारों की बिक्री में मात्र 0.45 फीसदी की बढ़ोतरी रही।
सियाम के आंकड़ों के अनुसार घरेलू बाजार में यात्री कारों की बिक्री मामूली बढ़ोतरी के साथ 195036 यूनिट रही जो अक्टूबर, 2015 में 194158 यूनिट रही थी। सियाम के महानिदेशक विष्णु माथुर के मुताबिक सितंबर में गोदामों में त्योहारी सीजन से पहले वाहन भरे पड़े थे।
लेकिन अक्तूबर में यह स्थिति नहीं थी। ऐसे में पिछले महीने के थोक आंकड़े कंपनियों द्वारा किए गए स्टॉक समायोजन का नतीजा हैं। उन्होंने कहा कि वाहन उद्योग सभी खंडों के वृद्धि प्रदर्शन से संतुष्ट है।