दुनिया की प्रमुख कार निर्माता टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन अपनी गाड़ियों में खामी को लेकर अमेरिकी अदालत में एक मुकदमे के निपटाने के लिए 1 अरब डॉलर से अधिक का भुगतान करने के लिए सहमत हो गई है। कंपनी ने अपनी कारों में एक्सेलरेटर के अपने आप दबने की समस्या दूर करने के लिए वैश्विक स्तर पर 74.3 लाख गाड़ियां वापस मंगाई है।
इससे पहले, टोयोटा ने अमेरिका में ऐसे ही एक मामले में करीब 7 करोड़ डॉलर का जुर्माना चुकाया है। कंपनी द्वारा गड़बड़ी दूर करने के लिए समय पर लाखों गाड़ियों को वापस मंगाने में असफल रहने के कारण अमेरिका स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन ने यह जुर्माना लगाया था।
अदालत में नए समझौते के तहत, टोयोटा 1.63 करोड़ गाड़ियों पर डेढ़ लाख मील तक के लिए विशेष वाहन कवरेज की पेशकश करेगी और 27 लाख गाड़ियों के ब्रेक ओवरराइड सिस्टम बदलेगी। विशेष कवरेज इंजन कंट्रोल मॉड्यूल, क्रूज कंट्रोल स्विच, एक्सलरेटर पैडल असेंबली, स्टॉप लैंप स्विच और थ्रॉटल बॉडी असेंबली के लिए होगा। टोयोटा इस मुकदमे से जुड़े मुद्दों पर ग्राहकों को जागरूक करने और ऑटोमोबाइल सुरक्षा अनुसंधान पर 3 करोड़ डॉलर खर्च करेगी।