डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट और उत्पादन लागत बढ़ने के चलते टोयोटा किर्लोस्कर मोटर अपने उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, टोयोटा जुलाई से अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ा देगी। पिछले एक महीने में रुपया डॉलर के मुकाबले 10 फीसदी से अधिक कमजोर हुआ है।
हाल ही में वह 60 के स्तर से भी नीचे चला गया था। टोयोटा भारतीय बाजार में लीवा हैचबैक, इटिऑस सेडान, इनोवा, कोरोला, अल्टिस और फॉर्च्यूनर की बिक्री करती है।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर्स के उप प्रबंध निदेशक और मुख्य परिचालन अधिकारी ‘विपणन एवं वाणिज्यिक’ संदीप ने बताया कि रुपये में गिरावट का कंपनियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है क्योंकि टीकेएम करीब 50 प्रतिशत कलपुर्जे का आयात करती है।