कार बनाने वाली कंपनी टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने इंडियन मार्केट में अपनी पकड़ को मजबूत करने के मकसद से अपनी सेडान इटिऑस और हैचबैक कार लिवा के वर्जन को लांच किया है।
टोयोटा ने सेडान इटिऑस के पेट्रोल वर्जन की दिल्ली में एक्स शोरूम कीमत 5.45 लाख से 7.08 लाख रुपये और डीजल वर्जन की कीमत 6.70 लाख से 8.15 लाख रुपये तय की है। हैचबैक लिवा के पेट्रोल मॉडल की कीमत 4.46 लाख से 5.99 लाख और डीजल वेरिएंट की कीमत 5.72 लाख रुपये से 6.38 लाख रुपये है।
इटिऑस और लिवा के नए वर्जन में एक्सटीरियर में बदलाव के साथ ही कंपनी ने ड्युल टोन इंटीरियर दिया है। कंपनी ने दोनों कारों के ग्रिल को रिडिजाइन किया है। साइड व्यू मिरर पर इंडीकेटर देने के साथ ही दोनों कारों को ग्रे कलर में भी लांच किया गया है।
कारों के इंटीरियर में ब्लूटूथ और USB पोर्ट के साथ 2 डिन ऑडियो सिस्टम दिया गया है। एडजस्टेबल ड्राइवर सीट के साथ ही अन्य सीटों को पहले के मुकाबले आरामदायक बनाया गया है।
दोनों कारों के नए वर्जन पेश करने के साथ ही कंपनी ने इनके लिमिटेड स्पोर्टिव एडिशन को भी लांच किया है। कार में 1.5 लीटर का इंजन है, जिसकी 90PS क्षमता है। लिमिटेड एडिशन को कंपनी ने यूथ को टारगेट करके बाजार में उतारा है।