जापान की अग्रणी कार निर्माता कंपनी टोयोटा मोटर कारपोरेशन (टीएमसी) ने दुनियाभर से अपनी कुछ कारों को वापस मंगाने की घोषणा की है। टोयाटा की भारतीय बाजार में सहायक टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने भी 30 जुलाई 2008 से 31 दिसंबर 2008 के बीच की कोरोला अल्टिस और 1 सितंबर 2006 से 31 जुलाई 2008 के बीच बेची गई केमरी में सुधार करने के लिए वापस मगया है।
कंपनी के पास जो कार मेंटीनेंस के लिए वापस जाएंगी, उनमें करीब 8,700 कारें हैं। टोयोटा अल्टिस और कोरोला की पॉवर विंडो मास्टर स्विच में जांच के बाद सुधार करेगी। ऊपर बताएं गए समय के बीच कंपनी की तरफ से बाजार में बेची गई कारों की पॉवर विंडो सिस्टम में दिक्कत है। इन कारों के मालिकों को कंपनी की तरफ से पत्र द्वारा सूचित किया जाएगा और डीलर्स की तरफ से फोन पर सूचना दी जाएगी।
भारत में कारों को वापस मंगाने का सिलसिला आगामी नवंबर से शुरू होगा। कस्टमर खुद भी अपने नजदीकी डीलर के यहां संपर्क कर सकते हैं। कंपनी के अधिक्रत विक्रेता के यहां कारों के पावर विंडो सिस्टम की जांच की जाएगी, यदि जरूरत महसूस हुई तो इसे बदला भी जा सकता है। कंपनी की तरफ से जानकारी दी गई है कि इस काम में करीब एक घंटे का वक्त लगेगा।