देश की अग्रणी वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स अपनी सबसे सस्ती कार नैनो के 800cc वेरिएंट को तैयार करने पर काम कर रही है। नैनो के नए वेरिएंट से टाटा मारुति की ऑल्टो 800 और हुंडइ इऑन को टक्कर देने का मूड बना रही है। इससे पहले हम आपको खबर दे चुके है कि कंपनी नैनो के डीजल वेरिएंट पर भी काम कर रही है। डीजल इंजन वाली नैनो को भी टाटा 2013 के अंत तक बाजार में लांच कर देगी।
इंट्री लेवल सेग्मेंट की डीजल कार में नैनो पहली कार होगी। कंपनी को उम्मीद है कि इसके डीजल वेरिएंट को माइलेज के चलते काफी पसंद किया जाएगा। नैनो की 800cc कार के प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों का कहना है कि उम्मीद की जा रही है कि कंपनी अगले 12 महीने में पेट्रोल इंजन वाली नैनो 800cc को पेश कर देगी। इसकी कीमत 2.40 लाख रुपये के आसपास होने की उम्मीद की जा रही है।
जानकारों का मानना है कि डीजल इंजन वाली नैनो से कंपनी की बिक्री में तेजी आएगी। हालांकि नैनो के मौजूदा मॉडल की बिक्री को लेकर कंपनी ने जो उम्मीद की थी वह उस पर खरा नहीं उतर सका है। कंपनी सूत्रों के मुताबिक नैनो के मौजूदा वर्जन को कंपनी बंद नहीं करेगी। टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा पहले ही कह चुके हैं कि कंपनी जिस तरह से नैनो को बाजार में लांच करना चाहती थी, सिंगूर विवाद के चलते कंपनी अपनी उस योजना पर काम नहीं कर सकी थी।