देश की अग्रणी वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स इंडिका विस्टा के नए अवतार इंडिका विस्टा D90 को राजधानी दिल्ली में आज यानी सोमवार को लांच कर रही है। कंपनी ने इंडिका विस्टा के नए अवतार में 90hp का क्वाटरजेट इंजन इस्तेमाल किया गया है, जो कि इसे अपनी सेग्मेंट की डीजल कारों में सबसे ज्यादा पॉवरफुल बनाता है। कंपनी ने 2012 में इंडिका विस्टा को सेडान कार के फीचर्स के साथ लांच किया था।
कार को सेडान सेग्मेंट के फीचर्स में लांच करने के करीब एक साल बाद अब कंपनी इसके इंजन में बदलाव कर रही है, जिससे यह सेडान सेग्मेंट की तरह क्षमता वाली कार हो जाएगी। टाटा की मांजा में भी 90 हॉर्सपॉवर का क्वाटरजेट इंजन यूज किया गया है। अमर उजाला आपको पहले ही बता चुका है कि इंडिका विस्टा D90 zx और vx वेरिएंट में उपलब्ध होगी।
पहले से ज्यादा क्षमता वाले डीजल इंजन के साथ ही विस्टा D90 में क्लस्टर को ड्राइवर साइड में दिया गया है। इसके अलावा भी इसमें ड्राइवर के लिए मददगार कई फीचर्स जोड़े गए हैं। कंपनी इसे मौजूदा रंगों के अलावा दो नए कलर में भी लांच कर रही है। नई इंडिका विस्टा D90 की एक्स शोरुम कीमत 5.80 लाख से 6.40 लाख रुपये के बीच होने की उम्मीद है।