टाटा मोटर्स ने बिक्री में आई गिरावट के बाद अपनी हैचबैक और सेडान सेग्मेंट की इंडिका व मांजा सीरीज की यात्री कारों की कीमतों में कटौती की है। टाटा की तरफ से दामों में करीब 50,000 रुपये तक की कमी का मकसद बिक्री को रि-कवर करना है। कारों की कीमतों में कटौती के बाद कंपनी को भरोसा है उसकी यात्री कारों की बिक्री में फिर से तेजी आ सकती है।
कंपनी ने बजट में उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी की घोषणा के बाद सूमो, सफारी और अरिया समेत अपनी एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) रेंज की गाड़ियों की कीमतें 35,000 रुपये तक बढ़ा दी है। टाटा मोटर्स के प्रवक्ता ने बताया कि बाजार में सेंटीमेंट को मजबूत करने के लिए इंडिया और मांजा कारों की कीमतों में कमी की गई है। कंपनी ने तत्काल प्रभाव से कीमतों में 29 हजार से लेकर 50 हजार रुपये के बीच की कमी है।
टाटा की छोटी कार नैनो की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इंडिया सीरीज के कारों की कीमत 3.29-4.88 लाख रुपये, जबकि मांजा 5.71-8.80 लाख रुपये में उपलब्ध है। दूसरी तरफ, प्रवक्ता ने बताया कि उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी के साथ ही टाटा सूमो 7,500 रुपये महंगी हो जाएगी, जबकि सफारी और आरिया की कीमतों 11,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
कंपनी की एसयूवी की कीमतों में कुल बढ़ोतरी 20 हजार से 35 हजार रुपये के बीच की गई है। बजट 2013-14 में एसयूवी पर उत्पाद शुल्क 27 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी कर दिया गया है। हालांकि टैक्सी के रूप में पंजीकृत एसयूवी पर यह बढ़ोतरी लागू नहीं होगी। इस साल फरवरी में कंपनी के कुल कारों की बिक्री 69.53 फीसदी घटकर 10,613 रह गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 34,832 थी।