लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों के मद्देनजर कार निर्माता कंपनियां पेट्रोल से इतर सस्ता ईंधन का विकल्प तलाशने में जुटी हुई हैं। तेल कीमतों के दवाब के बाद ग्राहक भी सस्ता ईंधन के तौर पर एलपीजी और सीएनजी का रुख कर रहे हैं। भारतीय ऑटो बाजार में पेट्रोल कारों के प्रति ग्राहकों के घटते रुझान के बाद हुंदइ इंडिया ने अपनी पसंदीदा कारों के सीएनजी मॉडल पेश करने का ऐलान किया है।
हुंदइ इंडिया ने मंगलवार को घोषणा कि वह अपनी हैचबैक कार सेंट्रो जिंग, आइ 10 और एसेंट का सीएनजी मॉडल जल्द ही आंध्र प्रदेश में लांच करेगी। आंध्र प्रदेश के आद सीएनजी मॉडल को देश के अन्य शहरों में उतारा जाएगा। कंपनी के मुताबिक मौजूदा ग्राहक यदि अपनी कारों में सीएनजी किट अलग से फिट कराना चाहते हैं, उन्हें कंपनी के शोरूम पर 56,000 रुपये देने होंगे।
अभी तक बाजार में सेंट्रो जिंग, आइ 10 और एसेंट का एलपीजी मॉडल ही उपलब्ध है। सीएनजी मॉडल पेश होने के बाद ग्राहकों का सस्ते ईंधन का एक और विकल्प मिल जाएगा। हुंदइ ने इन तीनों कारों के सीएनजी मॉडल उतारने का फैसला आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखकर किया है। कंपनी को उम्मीद है कि फेस्टिवल सीजन में उसकी यह रणनीति ग्राहकों को आकर्षित करने में कामयाब होगी। गौरतलब है कि तेल की ऊंची कीमतों के बाद पेट्रोल कारों की डिमांड में गिरावट दर्ज की गई है।