निसान इंडिया ने अपनी हैचबैक कार Micra का फैशन एडिशन लॉन्च किया है, जिसकी कीमत 6.09 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई है। यह इस कार का लिमिटेड एडिशन है, यानी इसकी सीमित युनिट ही बेची जाएगी। कार के स्टाइल को अंदर और बाहर से अपग्रेड किया गया है। कार के स्टाइल को फैशन ब्रांड United Colors of Benetton से प्रेरित रखा गया है। यूनाइटेड कलर्स ऑफ बेनेटन इटली स्थित ग्लोबल फैशन ब्रांड है।
पढ़ें: ये हैं देश की 5 सबसे सस्ती कार, लुक के साथ माइलेज भी शानदार
लिमिटेड एडिशन निसान माइक्रा की खास बात इसके कलर्स और स्टाइलिंग है। कंपनी ने इसे फेस्टिव सीजन से ठीक पहले लॉन्च किया है। कार में निसान इंडिया का इंटीग्रेटेड इंफोर्मेशन और कम्यूनिकेशन प्लेटफॉर्म निसान कनेक्ट दिया गया है, जो स्मार्टफोन से कनेक्ट होकर ड्राइविंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाता है। यह वैरिएंट फेस्टिव सीजन के दौरान देश भर में स्थित निसान डीलरशिप पर उपलब्ध होगा।
इंजन की बात करें तो कार में 1.2 लीटर पेट्रोल और 1.5 लीटर डीजल इंजन दिया गया है। पेट्रोल वैरिएंट को CVT (कंटीन्यूअसली वैरिएबल ट्रांसमिशन) से जोड़ा गया है। कंपनी दावा करती है कि कार का पेट्रोल वैरिएंट 19.34 kmpl और डीजल वैरिएंट 23.08 kmpl का माइलेज देती है। कार में हैवी बॉडी ग्राफिक्स, व्लैक व्हील कवर और डिजाइनर स्ट्रिप दिए गए हैं। इंटीरियर की बात करें तो यह पियानो ब्लैक फिनिश और ऑरेंज कलर स्कीम के साथ आती है। इसमें 6.2 इंच की टचस्क्रीन दी गई है। यह पहली बार नहीं है जब किसी कार निर्माता कंपनी ने किसी फैशन ब्रांड के साथ मिलकर कार लॉन्च की हो। इससे पहले 2015 में रेनो डस्टर ने फैशन डिजाइनर मनीष अरोड़ा से कार डिजाइन कराई थी।