जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी बीएमडब्लू ने पसंदीदा suv बीएमडब्लू x6 के नए अवतार को बृहस्पतिवार को भारतीय बाजार में लांच कर दिया। बीएमडब्लू की नई suv कार के x ड्राइव40d डीजल मॉडल की दिल्ली में एक्स-शोरुम कीमत 78.90 और x ड्राइव50i मॉडल की कीमत 93.4 लाख रुपये रखी गई है।
बीएमडब्लू की suv के नए अवतार के एक्सटीरियर की बात करें तो इसके ग्रिल डिजाइन के साथ ही फॉग लाइटों में भी बदलाव किया गया है। नई x6 के सभी वेरिएंट में 19 इंच के एलॉय व्हील दिए गए हैं। बीएमडब्लू x6 के इंटीरियर में भी कई अहम बदलाव किए हैं। डेशबोर्ड और कार के दरवाजों में कार्बन फाइबर का इस्तेमाल किया गया है।
तकनीकी रूप से इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। x6 पूर्व की तरह 4.4 लीटर v8 पेट्रोल और 3.0 लीटर v6 डीजल इंजन में उपलब्ध होगी। पेट्रोल इंजन वाली x6 की 408bhp और डीजल इंजन वाली कार की 235bhp क्षमता है। भारतीय बाजार में बीएमडब्लू x6 की टक्कर ऑडी इंडिया की Q-सीरीज और मर्सिडीज बेंज ML-क्लॉस से मानी जा रही है।
बीएमडब्लू x6 के नए मॉडल को पहली बार अप्रैल 2012 में न्यूयॉर्क मोटर शो में प्रदर्शित किया गया था। बीएमडब्लू का नया अवतार पहले से ज्यादा आकर्षक लग रहा है।