अगर आपकी कार 100 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज दे तो कैसा होगा, चौकिए मत जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी ऑडी ऐसी सिटी कार को तैयार कर रही है, जिसका माइलेज 100 किलोमीटर प्रति लीटर तक होगा। ऑडी के टेक्नीकल डेवलपमेंट हेड वुलफगांग दुरहेमर ने बताया कि यह कार ऑडी की कॉम्पैक्ट कार A1 पर आधारित 4 सीटर कार होगी।
इस कार में क्लामेट कंट्रोल के साथ ही कई अन्य खूबियां भी होंगी। ऑडी की इस कार को चलाने के लिए डीजल के साथ ही इलेक्ट्रिक पॉवर की भी जरूरत होगी। फ्यूल एफिशिएंट सिटी व्हीकल को '1.0 लीटर कार' कोड नेम दिया गया है, इसकी कीमत भी काफी प्रतिस्पर्धात्मक होगी। कार के बारे में अभी कंपनी से ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की है।
ऑडी का मानना है कि यह कार किफायती पारिवारिक कार साबित होगी। दुरहेमर ने उम्मीद जताई कि स्टील प्लेटफार्म पर तैयार किए गए A1 के मॉडीफाइड वर्जन को '1.0 लीटर कार' में इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार के वजन को कम रखना सबसे बड़ा चैलेंज होगा।
ऐसी संभावना है कि नई कार का इंटीरियर ऑडी की अन्य कारों के मुकाबले हल्का होगा। कार के कुछ पार्टस को बनाने में कार्बन-फाइबर का इस्तेमाल किया जा सकता है। ऑडी की इस फ्यूल एफिशिएंट कार को बाजार में आने में अभी तीन साल का वक्त लग सकता है।