लग्जरी कार निर्माता कंपनी मर्सिडीज बेंज साल 2012 के लिए तय किए गए बिक्री के आंकड़े को पूरा कर लिया है। इसी के साथ नए साल में कंपनी ने अपनी सभी मॉडल्स की कीमतों में 1 से 3 फीसदी तक की वृद्धि की भी घोषणा कर दी है। दिसंबर माह के दौरान मर्सिडीज बेंज इंडिया ने 7,138 कारों की बिक्री की है। कंपनी द्वारा कीमतों में की गई वृद्धि 14 जनवरी से प्रभावी होंगी।
मर्सिडीज बेंज इंडिया के एमडी और सीईओ इबरहर्ड केर्न ने बताया कि हमने कीमतों में 1 से 3 फीसदी तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। केर्न ने बताया कि लागत में बढ़ोतरी और विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव के चलते कीमतों में वृद्धि का निर्णय लिया गया है। कीमतों में की गई वृद्धि 14 जनवरी से प्रभावी होंगी।
मर्सिडीज की बी-क्लास कारों की कीमतों में 1 फीसदी, सी-क्लास और ई-क्लास सेडान में 1.5 फीसदी और एस-क्लास सेडान में 3 फीसदी तक की बढ़ोतरी की जाएगी। जबकि, एम-क्लास एसयूवी की कीमतों में 3 फीसदी की वृद्धि होगी। इसके अलावा अन्य सेग्मेंट की कारों की कीमतों में भी 1 प्रतिशत तक की बढोतरी की गई है।