देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी अपनी छोटी कारों का उत्पादन जापान से भारत में ट्रांसफर कर रही है। कंपनी के इस फैसले का कारण जापान में छोटी कारों की उत्पादन लागत ज्यादा होना माना जा रहा है। जापानी मुद्रा येन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमत के कारण जापानी ऑटो निर्माता कंपनियां छोटी कारों के उत्पादन में अन्य कंपनियों को टक्कर नहीं दे पा रही है।
सुजुकी मोटर्स के मुताबिक कंपनी अपने गुजरात स्थित प्लांट में छोटी कारों का उत्पादन करने की तैयारी कर रही है। गुजरात में उत्पादन शुरू होने के बाद यहां से अंतरराष्ट्रीय बाजार में छोटी कारों का निर्यात किया जाएगा। जापान स्थित संयंत्र में घरेलू बाजार के लिए सीमित कारों का उत्पादन किया जाएगा।
कंपनी छोटी कारों के उत्पादन के लिए गुजरात प्लांट में 8 हजार करोड़ रुनपये का निवेश करने की तैयारी में हैं। मारुति यह निवेश कई चरणों में करेगी। मारुति सुजुकी यह पहले ही कह चुकी हैं कि उत्पादन करने और निर्यात करने के लिए गुजरात का माहौल अनुकूल है। कंपनी इस पर अंतिम निर्णय जनवरी, 2013 में करेगी।