जनरल मोटर्स इंडिया जून के पहले सप्ताह से अपनी कारों की कीमतों में इजाफा करने जा रही है। जीएम की कारें 1.5 फीसदी तक महंगी हो जाएंगी।
जीएम इंडिया के वाइस-प्रेसिडेंट पी. बालेंद्रन ने कहा कि डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के चलते ढुलाई लागत में इजाफा हुआ है। लिहाजा, कंपनी विभिन्न मॉडलों की कीमतों में 10,000 रुपये तक का इजाफा करेगी।
दूसरी तरफ देश की सबसे बड़ी कार बनाने वाली कंपनी मारुति सुजुकी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) मयंक पारीक ने कहा कि डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से ढुलाई लागत बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि इसके वाबजूद कंपनी मौजूदा माहौल को देखते हुए कीमतों में किसी तरह का इजाफा नहीं करेगी। वहीं हुंडइ इंडिया के प्रवक्ता ने भी निकट भविष्य में किसी प्रकार की दाम बढ़ोतरी से इंकार किया है।
भारतीय कार बाजार इस समय बुरे दौर से गुजर रहा है। कार बिक्री में आ रही गिरावट को देखते हुए कार निर्माता कंपनियां कीमतों में बढोतरी नहीं करने का मन बना रही है।