देश की शीर्ष कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी के आल्टो मॉडल की बिक्री का आंकड़ा 20 लाख को पार कर गया है। इसी के साथ आल्टो मारुति की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बन गई है।
भारतीय बाजार में लांच होने के 11 साल 9 महीने बाद आल्टो यह आंकड़ा छूने में कामयाब हो पाई है। मारुति सुजुकी इंडिया के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) मयंक पारीक ने बताया कि आल्टो की फ्यूल एफिशिएंसी, डिजाइन और कम दाम ने इसे भारतीय ग्राहकों की पसंदीदा कार बनाया है।
पिछले केवल साढ़े तीन साल में मारुति सुजुकी ने अपने आल्टो मॉडल की 10 लाख कारों की बिक्री की। पारीक ने बताया कि 2000 में आल्टो की लांचिंग के बाद मारुति ने 8 साल तीन महीने में 10 लाख कारों की बिक्री की। 2008 के बाद साढ़े तीन साल में कंपनी ने 10 लाख से ऊपर आल्टो कार की बिक्री की। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2010-11 में 3 लाख आल्टो कार की बिक्री हुई।