महंगी स्पोर्ट कार बनाने वाली कंपनी लैम्बोर्गिनी ने अपनी बेहतरीन कार गलार्डो के नए अवतार को पेश किया है। गलार्डो एलपी 550-2 खास भारतीय बाजार के मुताबिक तैयार किया गया है।
इटली की सुपर कार बनाने वाली लैम्बोर्गिनी अपनी 50वीं सालगिरह मना रही है और इसी मौके को खास बनाने के लिए कंपनी ने इस कार को बाजार में उतारा है। इसकी कीमत 3.06 करोड़ (एक्स-शोरुम, मुम्बई) रुपए है।
कंपनी ने इस कार को पूरी तरह से भारतीय रंग में रंगने की कोशिश की है। नई लैम्बोर्गिनी गलार्डो एलपी 550-2 के बोनट पर ही भारतीय तिरंगे के स्ट्राइप्स का प्रयोग किया है।
कंपनी ने अपनी इस नई कार को तीन रंगों ऑरेंज, व्हाईट और पर्ल ग्रीन में पेश किया है। इस कार निर्माण इटली में ही किया गया है।
नई लिमिटेड एडिशन गलार्डो 550-2 इंजन के मामले में भी काफी दमदार है। लैम्बोर्गिनी ने इस कार में 5.2 लीटर की क्षमता का दमदार वी10 इंजन प्रयोग किया है। यह कार को 550 बीएचपी की बेहतरीन पावर देता है।
इसके अलावा इस कार में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस कार में एंटी ब्रेकिंग सिस्टम, ईएसपी, एयरबैग और एंटी-स्लीप रेगुलेशन का भी इस्तेमाल किया गया है।