भारतीय कार बाजार भले मंदी के दौर से गुजर रहा हो, लेकिन लग्जरी कार बनाने वाली कंपनियां नई कार पेश करने में पीछे नहीं हैं।
देश की सबसे बड़ी ऑटो कंपनी टाटा मोटर्स की इकाई जगुआर लैंड रोवर ने देश में अपनी स्पोर्ट कार एफ-टाईप मंगलवार लॉन्च कर दी।
जगुआर एफ-टाईप टू-डोर ओपन स्पोर्ट्स कार है। कंपनी ने भारतीय बाजार में अपनी इस कार की कीमत 1.37 करोड़ रुपए रखी है।
कंपनी ने नई जगुआर एफ-टाईप को दो वैरिएंट वी8 एस और वी6 एस के साथ बाजार में पेश किया है। जगुआर एफ-टाईप वी8 एस भी पिक-अप के मामले में बेहद ही शानदार बताई जाती है। दावा है कि यह कार महज 4.3 सेकंड के भीतर 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ लेती है।
कंपनी ने एफ-टाईप कार के इंटीरियर को भी बेहद ही खास बनाने की कोशिश की है। कार में बेहतरीन स्टीयरिंग व्हील, एल्यूमीनियम गियर शिफ्ट पैडल, स्पोर्ट्स कार मैट सेट, एल्यूमिनेटेड ट्रेड प्लेट को शामिल किया है। इसके अलावा बेहतरीन स्टीरियो सिस्टम और 8 इंच का आकर्षक टीएफटी डिस्प्ले सिस्टम भी लगाया है।
जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) के उपाध्यक्ष रोहित सूरी ने कहा कि एफ टाईप पेश किया जाना जगुआर के लिए महत्वपूर्ण है। इससे भारत में जगुआर ब्रांड का आकर्षण बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि भारत में स्पोर्टस कार का बाजार बहुत छोटा है, ऐसे में जेएलआर बहुत संख्या में बिक्री की उम्मीद नहीं कर रही है। एफ टाईप लॉन्च करने का उद्देश्य अधिक संख्या में बिक्री नहीं, बल्कि नई टेक्नोलॉजी पेश करना है।
जगुआर एफ-टाईप के वैरिएंट और उनकी कीमत (एक्स शोरूम-मुम्बई):
एफ-टाईप वी6 एस - 1.37 करोड़
एफ-टाईप वी8 एस - 1.61 करोड़