देश के ऑटो बाजार में अगले माह एक नई जंग शुरू होती देखने को मिल सकती है। दो बड़ी कंपनियां मारुति सुजुकी और हुंडई जुलाई में अपने एंट्री लेवल स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) को भारतीय बाजार में लॉन्च करने वाली हैं।
यह नए मॉडल इस श्रेणी में पहले से मौजूद रेनो की डस्टर, महिंद्रा की स्कार्पियो, फोर्ड की इको स्पोर्ट और निसान की टेरेनो को टक्कर देंगे।
मारुति सुजुकी की ओर से जुलाई के पहले सप्ताह में एस क्रॉस लॉन्च किए जाने की संभावना है। दूसरी ओर हुंडई क्रेटा को मैदान में उतार कर एंट्री लेवल एसयूवी के बाजार में हाथ आजमाने की तैयारी में है। इसकी लांचिंग जुलाई के अंतिम सप्ताह से अक्तूबर के बीच हो सकती है।
इन दो नई गाड़ियों के भारतीय बाजार में आने से ऑटो कंपनियों के बीच क्रॉस ओवर वाहनों के बाजार में बिक्री की जंग तेज होने के आसार साफ तौर पर नजर आ रहे हैं।
लुक और डिजाइन
इस वर्ग में कंपनियों के बीच बढ़ती टक्कर यह भी बताती है कि देश में इस श्रेणी के वाहनों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है, जिसके चलते आने वाले दिनों में इसमें जंग और तेज हो सकती है।
मारुति की एस क्रॉस और हुंडई की क्रेटा दोनों की ही लंबाई 4.3 मीटर है। दोनों का व्हील बेस भी 2,600 एमएम का है।
स्टाइल की बात करें, तो एस क्रॉस एस बाई चार स्टाइलिंग के साथ है, जो गाड़ी को सामने से देखने पर अपना अहसास कराती है। इसकी हेड लाइटें और फ्रंट ग्रिल इसे सुजुकी की गाड़ियों जैसा दिखाती हैं और बेहतर क्रॉस ओवर का लुक देती हैं।
दूसरी ओर हुंडई की क्रेटा का मामला भी कुछ ऐसा ही है, जिसके चलते यह अपनी कंपनी की एसयूवी न्यू जेन सांता फे की तरह दिखती है।
बताया जा रहा है कि मारुति एस क्रॉस का उत्पादन शुरू कर चुकी है और जल्द ही इसे डिस्प्ले के लिए कंपनी के शोरूमों में प्रस्तुत किया जा सकता है। काफी कॉम्पैक्ट लुक के बावजूद एस क्रॉस चार मीटर से कम की गाड़ियों के वर्ग में नहीं आती।
दूसरी ओर क्रेटा के पेट्रोल और डीजल वर्जनों में 1.6 लीटर इंजन लगा होने की बात कही जा रही है, जिसमें 6 स्पीड मैनुअल और ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन के विकल्प मिलेंगे।
इंजन और इंटीरियर
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध क्रेटा के वर्जनों की तरह भारत में भी इसमें फ्रंट व्हील और ऑल व्हील ड्राइव के विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं। इसके अलावा इसमें प्रोजेक्टर हेडलाइट और दिन के समय में भी जलाई जाने वाली एलईडी लाइटें, टच स्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम और ऑटोमेटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर भी मौजूद होने की उम्मीद है।
मारुति की क्रॉस ओवर में 430 लीटर क्षमता का बूट स्पेस होगा। पिछली सीटों को फोल्ड करके इसे 1,269 लीटर तक बढ़ाया जा सकेगा। इसका टर्निंग रेडियस 5.2 मीटर का होगा। इसके पेट्रोल और डीजल वर्जनों में मारुति द्वारा विकसित के-14 सीरीज का इंजन लगाया जाएगा। पेट्रोल वर्जन में 1.4 लीटर क्षमता का इंजन होगा, जबकि डीजल में 1.3 लीटर का डीडीआईएस तकनीक वाला इंजन होगा।