मारुति सुजुकी के 16 जनवरी से अपनी कारों की कीमतों में 23 हजार तक की वृद्धि करने के बाद हुंडइ मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने भी अपनी सभी कारों की कीमतों में इजाफा करने का निर्णय लिया है। हुंडइ की सभी गाड़ियों के दाम 1 फरवरी 2013 से 20,000 रुपये तक महंगे हो जाएंगे।
कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (बिक्री एवं विपणन) राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि उत्पादन लागत बढ़ने और मुद्रा बाजार में उतार- चढ़ाव के चलते सभी मॉडलों की कीमतों में 20,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की जा रही है। कीमतों में मूल्यवृद्धि आगामी 1 फरवरी से प्रभावी होगी। हुंडइ के किस मॉडल की कीमत में कितनी वृद्धि की गई है, इस बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है।
हुंडइ भारतीय बाजार में इऑन से लेकर लक्जरी एसयूवी 'सांता फे' तक की बिक्री करती है। गौरतलब है कि मारुति सुजुकी ने एक दिन पहले बुधवार से ही मारुति 800 की कीमत में ढाई हजार, स्विफ्ट के दामों में पांच हजार, स्विफ्ट डिजायर में दस हजार और अर्टिगा की कीमतों में 7,800 रुपये की वृद्धि की है।