एंबेसडर के चाहने वालों के लिए एक बढ़िया खबर है। हिंदुस्तान मोटर्स ने साल के अंत तक एंबेसडर के नए मॉडल को लॉन्च करने की योजना बना रही है।
दशकों तक भारतीय कार बाजार में राज करने वाली एंबेसडर के दिन शायद दोबारा फिरने वाले हैं। दरअसल हिंदुस्तान मोटर्स एंबेसडर को नए फीचर और नए लुक के साथ लॉन्च करेगी।
कंपनी का कहना है कि वह इस नई एंबेसडर को पहले की तुलना में स्मॉलर वर्जन में लॉन्च करेगी। ये खबर एंबेसडर पंसद करने वालों के लिए दो दिन में दूसरी बड़ी खबर है।
कल ही बीबीसी ने एक सर्वे में एंबेसडर को दुनिया की सबसे बेहतरीन टैक्सी का तमगा दिया था। इस सर्वे में हुई वोटिंग में एंबेसडर ने ग्लोबल कारों को पछाड़ कर ये मुकाम हासिल किया था।
दुनिया की सबसे बढ़िया टैक्सी है एंबेसडर
सीके बिरला ग्रुप कंपनी के नए सीईओ उत्तम बोस ने जानकारी देते हुए बताया कि नई एंबेसडर में बूट स्पेस पहले से कम होगा लेकिन केबिन स्पेस पहले जैसा ही होगा। कार की कुल लंबाई को पहले से 4 मीटर घटाया गया है।
उन्होंने बताया कि कार में कई आधुनिक नए फीचर भी जोड़े जाएंगे, साथ ही नाम के साथ भी नया प्रयोग किया जाएगा, जो सिर्फ एंबेसडर नहीं होगा। कार को एक जवां लुक दिया जाएगा ताकि नए ग्राहक इसकी ओर आकर्षित हों।
हालांकि कार पहले वाले प्लेटफॉर्म पर ही बनेगी। इसके साथ ही कंपनी ने ऑस्ट्रिया की जानी-मानी कंपनी मैगना के साथ टाई-अप किया है जो इसकी तकनीक में सहायता करेगी।
बोस बताते हैं कि इस कार की यूएसपी इसका ब्रांड नेम, कम दाम सस्ती मेंटिनेंस और ज्यादा केबिन स्पेस है। दरअसल एंबेसडर हमेशा से वीआईपी कार के साथ साथ प्रेरणा भी रही है।
एंबेसडर के इस नए मॉडल का निर्माण कलकत्ता के उत्तरपाड़ा में ही किया जाएगा। उम्मीद है कि ये नया मॉडल लोगों को पसंद आएगा और एंबेसडर दोबारा भारतीय कार बाजार में तुरुप का इक्का साबित होगी।