अमेरिकी कार निर्माता कंपनी जनरल मोटर्स (जीएम) की भारतीय सहायक कंपनी जीएम इंडिया भारतीय बाजार में आगामी पांच से छह सालों में 8 नए मॉडल लांच करने की तैयारी में है। नई कारें लांच करने के पीछे कंपनी का मकसद भारतीय बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना है।
मार्केट डिमांड को पूरा करने के लिए जीएम इंडिया महाराष्ट्र के तेलेगांव स्थित प्लांट में भी उत्पादन को दोगुना करने पर ध्यान दे रही है। इसके साथ ही कंपनी का छोटे डीजल इंजन को निर्यात करने का भी लक्ष्य है। जीएम इंडिया के वाइस प्रेसीडेंट मोहन सब्बरवाल ने संवाददाताओं को बताया कि अगले कुछ सालों में कंपनी कई नए मॉडल भारतीय सड़कों पर उतारेगी।
सब्बरवाल ने 7 से 8 मॉडल लांच करने की बात स्वीकार की, लेकिन उन्होंने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि नई कारें किस सेग्मेंट की होंगी। उन्होंने बताया कि जीएम इंडिया साल के आखिर तक तीन नई कारों को लांच कर रही है।