अमेरिकी वाहन निर्माता कंपनी जनरल मोटर्स (जीएम) ने आखिरकार अपनी बहुप्रतीक्षित हैचबैक कार शेवरले सेल U-VA को शुक्रवार को लांच कर दिया है। नई हैचबैक कार को 7 वेरिएंट में पेश किया गया है, इसमें से 4 पेट्रोल मॉडल बेस मॉडल, LS, LS ABS and LT ABS है। इसके अलावा 3 डीजल वेरिएंट LS, LS ABS, LT ABS हैं।
शेवरले सेल U-VA के पेट्रोल मॉडल की मुंबई में एक्स-शोरुम कीमत 4.44 लाख से 5.57 लाख रुपये के बीच और डीजल वेरिएंट की कीमत 5.87 लाख रुपये से 6.92 लाख रुपये के बीच रखी गई है। नई कार की कंपनी ने लांचिंग से पहले ही बुकिंग शुरू कर दी थी। कंपनी यह पहले ही बता चुकी है कि सेल U-VA को एविओ U-VA की जगह पेश किया जाएगा।
सेल U-VA के पेट्रोल वर्जन में 1.2 लीटर का MPFI इंजन है, इसकी 85bhp क्षमता और 113Nm टॉर्क है। डीजल वर्जन में 1.3 लीटर का मल्टीजेट टर्बोचार्जड इंजन है, इसकी 77 bhp क्षमता और 205Nm टॉर्क है। मारुति स्विफ्ट, फिएट पुंतो और टोयोटा इटिओस में भी इसी कॉनफ्रीगेशन का इंजन इस्तेमाल किया गया है।
कार की कीमत में जीएम ने अन्य कंपनियों को टक्कर देने की कोशिश की है, लेकिन अगर इसके लुक की बात करें तो जीएम के डिजाइनर कुछ खास नहीं कर सके हैं। कंपनी ने नई हैचबैक कार को पहले से ज्यादा स्पेसियस और फ्यूल एफिशिएंट बनाया है। सेल U-VA की सीधी टक्कर मारुति स्विफ्ट, फॉक्सवेगन पोलो और हुंडइ आइ20 से मानी जा रही है।
जानकारों को उम्मीद है कि नई कार का फ्यूल एफिशिएंट फीचर सभी को अपनी तरफ आकर्षित करने में कामयाब होगा। कंपनी का दावा है कि सेल U-VA का पेट्रोल वर्जन 18.2 किमी. प्रति लीटर और डीजल वर्जन 22.10 किमी. प्रति लीटर का माइलेज देगा।