अग्रणी कार निर्माता जनरल मोटर्स (जीएम) अपनी सभी मॉडलों की कीमतें आगामी 1 अक्तूबर से बढ़ा देगी। कंपनी ने बढ़ती उत्पादन लागत, विनिमय दरों में उठापटक और भाड़ा बढ़ने के चलते यह निर्णय किया है।
जनरल मोटर्स इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट पी. बालेंद्रन ने बताया कि कंपनी के सभी मॉडल एक अक्तूबर से महंगे हो जाएंगे। मूल्यवृद्धि कितनी की जाए, अभी यह तय नहीं किया गया है। गौरतलब है कि जनरल मोटर्स इंडियन मार्केट में इंट्री लेवल पर स्माल कार स्पार्क से लेकर प्रीमियम सेगमेंट में कैप्टिवा तक के मॉडलों की बिक्री करती है। स्पार्क की कीमत 2.85 लाख और कैप्टिवा की कीमत 24.6 लाख रुपये (एक्सशोरूम दिल्ली) है।
गौरतलब है कि मारुति और होंडा भी अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं। होंडा कार्स इंडिया के तीन मॉडल ब्रीयो, जैज और सिटी भी एक अक्तूबर से 2.6 फीसदी तक महंगे हो जाएंगे। मारुति सुजुकी ने भी एक हफ्ते में अपने वाहनों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है।