देश की अग्रणी वाहन कंपनी टाटा मोटर्स की जमशेदपुर यूनिट में चौथी बार बंदी (ब्लॉक-क्लोजर) का ऐलान किया गया है। बाजार में मांग में कमी के बाद वाहनों के बढ़ते स्टॉक को देखते हुए कंपनी ने यह फैसला किया है। 25 से 31 दिसंबर तक छह दिन की इस बंदी के कारण कंपनी अब नए साल के पहले दिन खुलेगी।
कंपनी प्रबंधन ने इस सिलसिले में अधिसूचना जारी कर दी है। वैसे, कंपनी सात दिन बंद रहेगी, मगर 30 दिसंबर को रविवार के अवकाश की वजह से क्लोजर में छह दिन ही शामिल रहेंगे। टाटा मोटर्स ने पहली बार 28 से 30 जून तक ब्लॉक-क्लोजर का ऐलान किया था। दूसरी बार तीन दिन के लिए 12 से 14 नवंबर को बंदी थी। इसके बाद बीते 29 नवंबर से लेकर एक दिसंबर तक ब्लॉक क्लोजर रखा गया था।
इस तरह चालू वित्त वर्ष में अभी तक 15 दिन की बंदी घोषित की जा चुकी है। इस क्लोजर का सामंजस्य प्रबंधन व कर्मचारियों के अवकाश से किया जाता है। इसी तरह टाटा समूह के संयुक्त उपक्रम टाटा कमिंस में फ्लेक्सी वर्किंग का सहारा लिया जा रहा है। इसके तहत मध्यम व भारी वाहनों के इंजन बनाने वाली यह कंपनी ब्लॉक-क्लोजर की जगह आवश्यकतानुसार काम ले रही है।