फोर्ड इंडिया ने देश में अपने नए स्पोट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) फोर्ड इंडेवर की टेस्टिंग शुरू कर दी है जिसे साउथ इंडिया में सड़कों पर दौड़ते हुए देखा गया है।
यह एसयूवी पिछले साल चाइना में पहले ही लॉन्च हो चुकी है। इस एसयूवी के इसी साल में आने की उम्मीदें हैं और इसकी अनुमानित कीमत 20 से 30 लाख रूपए तक हो सकती है।
डिजाइन की बात करें तो स्पोर्टी लुक वाली यह एसयूवी फोर्ड की कायनेटिक डिजाइन स्कीम पर बनी है और फ्रंट में हेक्सैगनल ग्रिल लगी है। फ्रंट बम्पर पर एक बैष गार्ड लगा है, साथ ही खूबसूरत फोग लेम्प भी लगे हैं। रियर प्रोफाइल को क्रोम स्ट्रीप से घिरे रैपराउण्ड टैललेम्प और फोर्ड का बेज आकर्षक बनाते हैं। इंटिरियर में नया और स्पोर्टी टचस्क्रीन SYNC 2 इंफोटेन्मेंट सिस्टम लगा होगा।
इंजन की बात करें तो इस एसयूवी को दो डीजल इंजन ऑप्शन में उतारे जाने की उम्मीद है। इसका पहला 2.2 लीटर, 4 सिलेण्डर टर्बो डीजल इंजन 158.2बीएचपी पावर और अधिकतम 385एनएम टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम होगा। वहीं, इसका 3.2 लीटर, 5 सिलेंडर डीजल इंजन 197.1बीएचपी पावर और अधिकतम 470एनएम टॉर्क जेनरेट करेगा।
ट्रांसमिशन पर गौर करें तो फोर्ड इंडेवर में 6-स्पीड मेनुअल और ऑटोमेटिक दोनों गियर बॉक्स ऑप्शन मौजूद होंगे। यहां अब एक और आकर्षण पैदा करते हुए फोर्ड ने इस एसयूवी में टेरेन मेनेजमेंट सिस्टम फीचर्स के रूप में 4 ड्राइविंग मोड (नॉर्मल, स्नो, सैंड और रॉक) दिए हैं जो विभिन्न स्थितियों के आधार पर चुने जा सकते हैं।