अगर आप कार के दीवाने हैं तो आप निश्चित तौर पर स्पोर्ट्स कार जरूर रखना चाहेंगे। स्पोर्ट्स कार को चलाने का अपना रोमांच है। आप सोचिए ये रोमांच कितने गुना बढ़ जाता है यदि आप किसी स्पोर्ट्स कार कंपनी के मालिक हों।
इसको लेकर बहुत चौंकने की बात नहीं है। आपकी जेब भले ही इजाज़त न दे, लेकिन ब्रिटेन की एक स्पोर्ट्स कार कंपनी को खरीददार की तलाश है।
ख़ास बात ये है कि ये स्पोर्ट्स कार अभी तक बाज़ार में नहीं आई है। प्रोजेक्ट एवोसैट को इस प्रोजेक्ट के लिए समझदार खरीददार की तलाश है।
प्रोजेक्ट एवोसेट पर मौजूदा स्वामित्व ब्रिटेन स्थित एमएम इंडस्ट्रीज़ है। एमएम इंडस्ट्रीज़ अपने प्रोजेक्ट के तहत अपने निर्माण डिज़ाइन, बौद्धिक संपत्ति, रिसर्च एंड डेवलपमेंट वर्क और कार के पांच प्रोटोटाइप की बिक्री करेगी।
कार के डिज़ाइन के हिसाब से देखें तो यह शानदार वाहन है। यॉट डिज़ाइन फर्म क्लायडन रीव्स के डिज़ाइनर माइक रीव्स ने इस कार को डिज़ाइन किया है जिसकी छत और दरवाज़े नहीं हैं, ताकि इसका वज़न कम रखा जाए। कंपनी के इस कॉन्सेप्ट डिज़ाइन की कीमत भी बिक्री की कीमत में शामिल है।