मारुति ने अपनी पहली सब-4 मीटर कॉम्पैक्ट एसयूवी विटारा ब्रेजा को लॉन्च कर दिया है। ब्रेजा की शुरुआती कीमत 6.99 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई है। ब्रेजा का मुकाबला फोर्ड की ईकोस्पोर्ट और महिंद्रा की टीयूवी-300 से है। फिलहाल ब्रेजा केवल डीजल इंजन में आई है। यहां हम आंकड़ों के जरिए जानने की कोशिश करेंगे कि अपने दोनों प्रतियोगियों को ब्रेजा कितनी कड़ी टक्कर दे पाती है।
विज्ञापन
कारों की लंबाई चौड़ाई और ऊंचाई
विटारा ब्रेजा
बात करें डायमेंशन की तो मारुति विटारा ब्रेजा की लम्बाई 3995 एमएम है जो टीयूवी-300 के तो बराबर है लेकिन ईकोस्पोर्ट से चार एमएम कम है। ब्रेजा की चौड़ाई 1790 एमएम और ऊंचाई 1640एमएम है, जो टीयूवी-300 से क्रमशः 45 एमएम, 199 एमएम कम और ईकोस्पोर्ट से क्रमशः 25 एमएम ज्यादा और 68 एमएम कम है।
इसका ग्राउंड क्लियरेंस 198 एमएम है। जो टीयूवी-300 से ज्यादा लेकिन ईकोस्पोर्ट से सिर्फ 2 एमएम कम है। ब्रेजा का बूट स्पेस 328 लीटर का है, जो टीयूवी-300 से 56 लीटर और ईकोस्पोर्ट से 18 लीटर कम है।
फीचर्स में कौन बेहतर
विटारा ब्रेजा
- फोटो : Cardekho
इस मोर्चे पर ब्रेजा कई नए फीचर्स के साथ आई है। इनमें ऑटो प्रोजेक्टर हैडलैंप्स, एलईडी लाइट गाइड और एलईडी वाले टेललैंप्स शामिल हैं। इनके अलावा ड्यूल कलर स्कीम का विकल्प और कंट्रास्ट कलर वाली रूफ भी इस सेगमेंट में पहली बार देखने को मिलेगी। इसमें 16 इंच के अलॉय व्हील चौड़े टायरों के साथ दिए गए हैं। केबिन में एपल कार प्ले के साथ टचस्क्रीन इंफोटेंनमेंट सिस्टम दिया गया है। इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में मूड लाइटिंग दी गई है। ब्रेजा में क्रूज़ कंट्रोल भी मौजूद है।
फोर्ड ईकोस्पोर्ट की बात करें तो यह अब तक इस सेगमेंट की सबसे ज्यादा फीचर्स वाली कार थी। कई मामलों में यह अभी भी ब्रेजा और टीयूवी-300 से आगे है। इसमें लैदर अपहोल्सट्री, वाइस कमांड स्पोर्ट के साथ फोर्ड का सिंक सिस्टम, स्मार्टफोन एप, इमरजेंसी एसिस्टेंस, रेन सेंसिंग वाइपर्स और डे-टाइम रनिंग लैंप्स मिलेंगे।
टीयूवी-300 भी कई खास फीचर्स के साथ आती है, जो बाकी दोनों कारों में मौजूद नहीं हैं। इनमें पावर और ईको ड्राइविंग मोड, माइक्रो हाईब्रिड टेक्नोलॉजी, स्टैटिक बैंडिंग हैडलैंप्स, वाइस मैसेजिंग सिस्टम और महिंद्रा का ब्लू सेंस एप इंटीग्रेशन शामिल है।
सेफ्टी के मामले में ईकोस्पोर्ट इस सेगमेंट की इकलौती कार है जिसमें छह एयरबैग मौजूद हैं। इसके अलावा चाइल्ड सीट के लिए आईएसओफिक्स माउंट, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक असिस्ट (ईबीएस), इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल (ईएससी), ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम (टीसीएस) और हिल लॉन्च असिस्ट (एचएलए) जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं।
हालांकि ये सभी फीचर्स स्टैंडर्ड या ऑप्शनल न होकर अलग-अलग वेरिएंट्स में दिए गए हैं।
सेफ्टी के लिए ब्रेजा में ड्राइवर साइड एयरबैग स्टैंडर्ड मिलेगा, जबकि पैसेंजर एयरबैग, एबीएस और ईबीडी ऑप्शनल होंगे। यह फीचर्स बेस वेरिएंट एलडीआई से ही उपलब्ध होंगे। बात करें टीयूवी-300 की तो इसके हर वेरिएंट में ड्यूल फ्रंट एयरबैग्स और एबीएस का विकल्प दिया गया है।