काफी अटकलों के बाद अब यह साफ हो गया है कि जापानी की अग्रणी वाहन निर्माता कंपनी जनरल मोटर्स (जीएम) अपनी हैचबैक कार शेवरले सेल U-VA को 2 नवंबर को लांच करेगी। कंपनी की तरफ से यह भी जानकारी दी गई है कि जीएम अपने पुराने सेडान और हैचबैक मॉडल एविओ U-VA की जगह नए मॉडल को पेश करेगी।
शेवरले सेल U-VA को 12वें ऑटो एक्सपो में पेश किया गया था। नई कार से कंपनी को उम्मीद है कि लोगों को यह काफी पसंद आएगी। ऐसी भी उम्मीद है कि सेल U-VA में शेवरले बीट से अच्छे फीचर्स होंगे। यह नई कार पेट्रोल और डीजल दोनों वर्जन में उपलब्ध होगी। नई कार के 1.2 लीटर वाले पेट्रोल इंजन की 76.9 bhp और 1.3 लीटर वाले डीजल इंजन की 84.9 bhp क्षमता होगी।
सेल U-VA के पेट्रोल मॉडल का माइलेज 18.2 किलो मीटर प्रति लीटर और डीजल मॉडल का माइलेज 22.1 किलो मीटर प्रति लीटर होगा। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि सेल U-VA मारुति स्विफ्ट, टोयोटा इटिओस, हुंदइ आइ 20 और फोर्ड फिगो को कड़ी टक्कर दे सकती है। अभी कंपनी की तरफ से इसकी कीमतों के बारे में कोई खुलासा नहीं किया गया है।