कार बनाने वाली कंपनियां अप्रैल से एक बार फिर दाम बढ़ाने जा रही हैं। इसकी शुरुआत होंडा मोटर्स और हुंडइ ने कर दी है। होंडा ने अप्रैल से अपने सभी कारों की कीमतें दो फीसदी तक बढ़ाने का फैसला किया है। हुंडइ की कारों में कितनी मूल्यवृद्धि होगी, इसका अभी कंपनी ने खुलासा नहीं किया है। ऑन बोर्ड डायग्नोस्टिक्स (ओबीडी) अनुपालन और ढुलाई भाड़ा बढ़ने से कंपनियों ने कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है।
मारुति सुजुकी ने कहा है कि वह फिलहाल ओबीडी अनुपालन को लेकर विचार कर रही है। हालांकि, कंपनी ने मूल्यवृद्धि को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की। होंडा कार्स इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि ओबीडी अनुपालन और ढुलाई भाड़ा बढ़ने के चलते कारों की कीमतों में दो फीसदी तक की बढ़ोतरी करनी पड़ रही है। किस वाहन के दाम में कितनी वृद्धि की जाएगी, इस पर अभी विचार चल रहा है।
गाड़ियों की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में की जा रही है, जब घरेलू कार बाजार बिक्री में गिरावट की समस्या से जूझ रहा है। दूसरी तरफ कुछ कंपनियां घटती कार बिक्री को पटरी पर लाने के लिए आकर्षक स्कीम भी लांच कर रही है। हाल ही में टाटा ने अपनी हैचबैक और सेडान कारों की कीमतों में 50 हजार रुपये तक की कटौती की है। इसके साथ ही टाटा ने यह ऑफर भी शुरू किया है कि आप क्रेडिट कार्ड स्वाइप कराकर कार को घर ला सकते हैं।