ग्लोबल एनसीएपी क्रैश टेस्ट में रेनो क्विड को जीरो रेटिंग हासिल हुई थी। इसके बाद रेनो के ऑफिशियल फेसबुक पेज पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की। अब रेनो ने क्विड में सेफ्टी फीचर्स बढ़ाने की बात की है। हालांकि इसकी शुरूआत ब्राजील से होगी। फेसबुक पेज पर रेनो ने कहा है कि हम ब्राजील में क्विड को 4 एयरबैग और एबीएस फीचर्स से लैस करेंगे।
दरअसल ब्राजील में साल 2014 से ही सभी वाहनों में ड्यूल फ्रंट एयरबैग और एबीएस देना अनिवार्य है। लिहाजा नियमों का पालन करने के लिए ब्राजील में लॉन्च होने वाली क्विड में बदलाव कर सेफ्टी फीचर्स जोड़े जाएंगे।
इससे यह कार ज्यादा सुरक्षित होने के साथ ही लैटिन अमेरिकी क्रैश टेस्ट में भी बेहतर साबित होगी। ब्राजील में क्विड नवंबर 2016 में आयोजित होने वाले साओ पॉलो मोटर शो के दौरान उतारी जाएगी।