व्यावसायिक वाहन बनाने वाली कंपनी अशोक लेलैंड भारतीय बाजार में अपनी पहली कार लॉन्च करने जा रही है।
अशोक लेलैंड अपनी पहली एमपीवी कार 'स्टाइल' 16 जुलाई को देश की सड़कों पर पेश करेगी।
कंपनी अपनी इस कार को डीजल, पेट्रोल और सीएनजी तीनों वैरिएंट में लॉन्च करेगी। इसकी कीमत के बारे कंपनी ने बताया है कि यह कार कम कीमत पर पेश की जाएगी।
हाल ही में कंपनी ने अपनी स्टाइल कार को चेन्नई की सड़कों पर परीक्षण के लिए भी उतारा था।
इस समय जापानी कार निर्माता कंपनी निसान भारत में अशोक लेलैंड के साथ मिलकर काम कर रही है।
हाल ही में पेश की गई निसान की एमपीवी 'इवालिया' के आधार पर ही अशोक लेलैंड अपनी इस नई कार स्टाइल को तैयार कर रही है।
अशोक लेलैंड ने अपनी इस एमपीवी स्टाइल में स्लाइडिंग डोर का ऑप्शन दिया है। इसके अलावा देखने में यह कार ज्यादातर निसान की एमपीवी इवालिया से ही मिलती जुलती है।
कंपनी इस एमपीवी में भी 85 बीएचपी का इंजन लगा रही है।
कंपनी को उम्मीद है कि बड़े परिवारों के लिए नई स्टाइल काफी बेहतरीन साबित होगी और लोगों को पसंद आएगी।
इस समय भारतीय बाजार में टोयोटा इनोवा, मारुति सुजुकी अर्टिगा, निसान इवालिया और महिन्द्रा जायलो जैसी ज्यादा स्पेस वाली कारें ज्यादा लोकप्रिय हैं।