आप दुनिया के किसी भी शहर में हों ट्रैफिक जाम का सामना तो करते ही होंगे। शहरों में बेतरतीब बढ़ते ट्रैफिक के कारण कुछ मिनटों की दूरी घंटों में तय होती है। जाम में फंसने के बाद अहसास होता है कि काश! हमारे वाहन को पंख लग जाएं, और उड़कर जल्दी से अपनी मंजिल पर पहुंच जाएं। आपका यह सपना पूरा होने जा रहा है।
एयरक्राफ्ट बनाने वाली कंपनी एयरबस जल्द ही हवा में उड़ने वाली टैक्सियां चलाने जा रही है। कंपनी का यह प्लान शहरों में बढ़ते ट्रैफिक से निजात दिलाएगा। यानी अब ट्रैफिक जाम को लेकर अब चिंता करने की बात नहीं है। जल्द ही शहरों में उड़ने वाली टैक्सियां चलेंगी।
कार के आकार की ये हवाई टैक्सियां आपको जाम से निजात दिलाएंगी। इन एयर टैक्सी की सबसे खास बात यह होगी कि यह बिना ड्राइवर यानी सेल्फ फ्लाइड टैक्सी होंगी। इन एयर टैक्सियों को आप उबर, ओला, मेरू या सवारी कैब की तरह अपने स्मार्टफोन से बुक करा के अपने शहर में कहीं भी मंगा सकेंगे।
क्या है हवाई टैक्सी
कार के आकार का यह वाहन उड़ने में सक्षम होगा, जिसमें एक बार में चार से पांच लोग सवार हो सकेंगे। एयरबस कंपनी के एग्जीक्यूटिव रोडिन ल्यासोफ के मुताबिक, कंपनी की योजना है कि शुरुआत में यह हवाई टैक्सी पायलट के साथ उड़ान भरेगी। फिर जब संबंधित शहर की अथोरिटी इसे सेल्फ फ्लाइंग मोड पर शुरू किया जाएगा।
आने वाले सालों में लोग बढ़ते ट्रैफिक के चलते शेयरिंग व्हिकल का महत्व समझ जाएंगे और यह उड़न टैक्सी भी अपनी उपयोगिता बढ़ाने के लिए बतौर शेयरिंग व्हिकल काम करेगी। उड़न टैक्सी कोई कोरा सपना नहीं है, अगले साल ही इसका ट्रायल शुरू होने जा रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि वह इस उड़न टैक्सी का ट्रायल अगले साल 2017 में यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर कैंपस में शुरू कर देगी।
उड़ेगी कैसे
सड़क पर चलने और उड़ान भरने वाली इस कार में कई तरह की बैटरी, मोटर, विमान तकनीक समेत आरामदायक सफर की अत्याधुनिक तकनीक को एकसाथ समाहित किया जाएगा।
किफायती होगी
एक अध्ययन की मानें, तो 2030 तक दुनिया की 60 फीसदी आबादी शहरों में रहेगी। अभी दुनिया की 35 से 40 फीसदी आबादी ही शहरों में रहती है, तो ट्रैफिक के हालात इस कदर हैं। जब यह 60 फीसदी आबादी शहरों में आ जाएगी, तो भविष्य में टैफिक के हालात का आप अंदाजा लगा सकते हैं। ऐसे जब सड़क पर चलने की जगह नहीं बचेगी, तो शहरों की परिवहन प्रणाली को नए विकल्प तलाशने होंगे।
लोकल परिवहन के लिए एयर टैक्सी इसकी आस बढ़ाता है। रोडिन के मुताबिक अगले दस सालों में कार का हवा में उड़ना एक साधारण बात होगी, नए तरह की यह परिवहन प्रणाली दुनिया के लिए एक क्रांति साबित होगी।
अगर आप सोच रहे हैं कि उड़ने वाली यह टैक्सी सिर्फ अमीर लोगों का विकल्प बनेगी, तो एयरबस के इस बयान को भी देख लें। कंपनी के अनुसार, इस उड़ने वाली टैक्सी की लागत सड़क पर चलने वाली आम टैक्सी जितनी ही होगी। इसके सबके साथ यह गंतव्य पर जल्दी पहुंचाने वाली, इको-फ्रेंडली और सुगम साबित होगी।