लंबे इंतजार के बाद एसयूवी सेगमेंट की देश की सबसे बड़ी कंपनी महिंद्रा ने स्कॉर्पियो फेसलिफ्ट को लॉन्च कर दिया है। इसकी कीमत 9.97 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। अब यह कार चार नए वैरिएंट- S3, S5, S7, और S11 में आएगी। 2017 महिंद्रा स्कॉर्पियो फेसलिफ्ट के लुक में बदलाव करने के अलावा कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं, खासकर की केबिन में।
पढ़ें: 125cc होंडा ग्राजिया स्कूटर खरीदने से पहले पढ़ लीजिए इसका रिव्यू
सबसे खास अपडेट एसयूवी के इंजन में किया गया है, जो अब पहले से 18 एचपी ज्यादा पावर जेनरेट करता है। हालांकि कार में पहले वाला ही 2.2 लीटर mHawk डीजल इंजन दिया गया है। इंजन के साथ 5- स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन दिए गए हैं।
ऐसे हैं इसके फीचर्स
2017 Mahindra Scorpio Facelift
दिखनें में इसे पुरानी स्कॉर्पियो जैसा ही रखा गया है, हालांकि स्टाइलिंग में बदलाव किया गया है, मुख्यतौर पर फ्रंट और रियर सेक्शन में। आगे की तरफ नया रेडिएटर ग्रिल, नए बंपर, बड़े फॉगलैंप्स दिए गए हैं। एसयूवी में नए एलॉय व्हील और रियर व्यू मिरर दिए गए हैं।
केबिन में भी कई बदलाव किए गए हैं जिसमें सबसे पीछे साइड फेसिंग सीट की जगह सीट की तीसरी लाइन दी गई है। कार में 7 इंच डिस्प्ले वाला इंफोटेनमेंट सिस्टम एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कार प्ले के साथ दिया गया है। इस कार का सीधा मुकाबला टाटा सफारी स्टॉर्म, रेनो डस्टर, रेनो कैप्टर और हुंडई क्रेटा से रहेगा।