दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई शहरों में बढ़े वायु प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में कई वाहन मालिकों के मन में सवाल है कि आखिर कार के एसी में लगा छोटा सा केबिन एयर फिल्टर (Cabin Air Filter) इस प्रदूषण से आपकी कितनी रक्षा करता है? आइए समझते हैं कि केबिन एयर फिल्टर कितना काम का है और प्रदूषण के दौरान कार में किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
क्या बाहर के प्रदूषण को रोक सकता है केबिन एयर फिल्टर?
कार के एसी में लगा केबिन एयर फिल्टर बाहर की हवा को कार के अंदर आने से रोकने और उसे साफ करने में एक खास काम करता है। हालांकि यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि आपके कार में कौन-सा फिल्टर लगा हुआ है।
साधारण फिल्टर (PM10 / बेसिक फिल्टर)
जैसे की अधिकतर कारों में बेसिक केबिन एयर फिल्टर मिलता है। ये फिल्टर धूल-मिट्टी, पेड़-पौधों के पत्ते या कचरा जैसे बड़े कणों को रोकने के लिए डिजाइन किया जाता है। यह फिल्टर सड़क पर उड़ने वाले कचरे और मिट्टी को अंदर आने से रोक लेते हैं, लेकिन स्मॉग और बेहद बारीक प्रदूषण जैसे PM2.5 कणों को पूरी तरह से नहीं रोक पाते हैं।
एडवांस्ड फिल्टर (HEPA या एक्टिवेटेड कार्बन)
- इसके अलावा अगर आप बेहतर सुरक्षा चाहते हैं और सामान्य फिल्टर की जगह HEPA यानी की हाई-एफिशियंसी पार्टिकुलेट एयर या एक्टिवेटेड कार्बन केबिन फिल्टर का उपयोग करते हैं, तो रिजल्ट बिल्कुल अलग होते हैं। जेसे यह हवा में मौजूद 99% से अधिक बारीक और हानिकारक कणों (PM2.5) को रोक सकता है।
- यह बैक्टीरिया और हानिकारक धुएं को भी काफी हद तक केबिन के अंदर आने से रोकता है और एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर बाहर के खतरनाक धुएं और दुर्गंध (Odour) को भी सोखने में मदद करता है।
प्रदूषण के दौरान कार में किन बातों का रखें ध्यान?
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि सिर्फ अच्छा केबिन एयर फिल्टर लगवाना ही काफी नहीं है। प्रदूषण के दौरान एसी का सही इस्तेमाल और फिल्टर की देखभाल भी जरूरी है। सड़क पर बढ़ते प्रदूषण के बीच अपनी कार के भीतर शुद्ध हवा बनाए रखने के लिए इन तीन जरूरी बातों का ध्यान रखें...
- एयर री-सर्कुलेशन मोड: भारी ट्रैफिक, जाम या घने स्मॉग वाले इलाकों में गाड़ी चलाते समय हमेशा एसी का री-सर्कुलेशन बटन चालू रखें। इससे बाहर की जहरीली हवा अंदर आना बंद हो जाती है और कार के अंदर की हवा ही बार-बार फिल्टर होकर सर्कुलेट होती रहती है।
- खिड़कियां बंद रखें: हाई पल्यूशन, निर्माण कार्य या धूल भरे रास्तों से गुजरते समय अपनी कार की खिड़कियों को पूरी तरह बंद रखें।
- फिल्टर की समय पर जांच: एक गंदा या पुराना हो चुका फिल्टर हवा को सही से साफ नहीं कर पाता है। इसलिए कार सर्विसिंग के दौरान या समय-समय पर इसकी जांच करवाएं और जरूरत पड़ने पर इसे बदलवा लें।
क्या केबिन एयर फिल्टर प्रदूषण से पूरी तरह बचा सकता है?
- इसका सीधा जवाब है, नहीं। कार का केबिन एयर फिल्टर प्रदूषण के संपर्क को कम कर सकता है, लेकिन इसे पूरी तरह रोकने की गारंटी नहीं देता। इसकी क्षमता फिल्टर की गुणवत्ता, उसकी उम्र, कार के एसी सिस्टम और बाहर प्रदूषण के स्तर पर निर्भर करती है।
- विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की सलाह के मुताबिक, बाहर प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर कार की खिड़कियां बंद रखनी चाहिए और एसी को री-सर्कुलेशन मोड में चलाना चाहिए। इससे केबिन में प्रदूषित हवा का प्रवेश कम करने में मदद मिलती है।
- एक रिसर्च में भी पाया गया कि बेहतर फिल्ट्रेशन सिस्टम और सही वेंटिलेशन सेटिंग से कार के अंदर PM2.5 का स्तर कम किया जा सकता है। हालांकि, पुराने फिल्टर की क्षमता घट सकती है।