पुरानी यानी सेकेंड हैंड कार खरीदना कई लोगों के लिए एक बेहद किफायती और अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। कम बजट में अपनी पसंद की गाड़ी आसानी से मिल जाती है, लेकिन थोड़ी सी जल्दबाजी या लापरवाही आपको भारी पड़ सकती है। कई बार गाड़ी बाहर से बिल्कुल चमकती हुई और ठीक दिखती है, लेकिन उसके इंजन, ब्रेक या दूसरे अंदरूनी हिस्सों में गंभीर खराबी होती है। ऐसी कार खरीदने के बाद मरम्मत पर काफी सारा पैसा खर्च करना पड़ जाता है।
इसलिए, कोई भी गाड़ी पसंद आने और उसे घर लाने से पहले कुछ बेहद जरूरी तकनीकी पहलुओं की जांच जरूर कर लेनी चाहिए। आइए, विस्तार से जानते हैं कि पुरानी कार खरीदते समय किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए...
साइलेंसर से निकलने वाले धुएं को समझें
क्या आपको पता है कि पुरानी कार की स्थिति का अंदाजा उसके साइलेंसर से निकलने वाले धुएं से भी लगाया जा सकता है। धुएं का रंग इंजन में होने वाली कुछ समस्याओं की तरफ इशारा करता है।
- सफेद धुआं: अगर इंजन गर्म होने के बाद भी लगातार सफेद धुआं निकल रहा है, तो कूलेंट के इंजन में जाने की समस्या हो सकती है।
- नीला धुआं: यह इंजन ऑयल जलने का संकेत हो सकता है।
- काला धुआं: यह फ्यूल सिस्टम या हवा की सप्लाई में गड़बड़ी की तरफ इशारा करता है। इसलिए कार स्टार्ट करने के बाद और टेस्ट ड्राइव के दौरान साइलेंसर से निकलने वाले धुएं पर ध्यान जरूर दें।
अजीब आवाज और कंपन को न करें नजरअंदाज
- कार चलाते समय अगर खट-खट, घर्र-घर्र या चीं-चीं जैसी आवाजें सुनाई देती हैं, तो इन्हें मामूली समझकर नजरअंदाज न करें। ऐसी आवाजें सस्पेंशन, व्हील बेयरिंग, क्लच या ब्रेक में खराबी की वजह से आ सकती हैं।
- इसके अलावा टेस्ट ड्राइव के दौरान यह भी देखें कि कार सीधी चल रही है या नहीं। अगर गाड़ी एक तरफ खिंचती है या स्टेयरिंग में कंपन महसूस होता है, तो अलाइनमेंट और सस्पेंशन की जांच जरूरी है।
डैशबोर्ड की वार्निंग लाइट जरूर देखें
- कार स्टार्ट करने के बाद डैशबोर्ड पर जलने वाली वार्निंग लाइट पर भी ध्यान जरूर दें। इंजन स्टार्ट होने के बाद अगर चेक इंजन, ऑयल प्रेशर या बैटरी की लाइट लगातार जल रही है, तो इसे छोटी समस्या समझने की गलती न करें।
- इन लाइटों के पीछे इंजन, ऑयल सप्लाई या इलेक्ट्रिकल सिस्टम से जुड़ी खराबी हो सकती है। इसलिए कार खरीदने से पहले इनकी वजह की जांच करवाना जरूरी है।
बॉडी पर एक्सीडेंट और रिपेयर के निशान देखें
- कई बार पुरानी कार को बाहर से नया जैसा दिखाने के लिए उसकी बॉडी की मरम्मत और दोबारा पेंटिंग कराई जाती है। ऐसे में सिर्फ कार की चमक देखकर फैसला न करें। दरवाजों, बोनट और डिग्गी के बीच के गैप को ध्यान से देखें।
- अगर कहीं गैप कम और कहीं ज्यादा दिखाई देता है, तो यह संकेत हो सकता है कि कार पहले एक्सीडेंट के बाद रिपेयर हुई है। इसके अलावा पेंट के रंग और फिनिश में अंतर भी जांचें। कार के शीशों पर लिखे मैन्युफैक्चरिंग ईयर को भी देखें। अगर अलग-अलग शीशों पर अलग मैन्युफैक्चरिंग ईयर है, तो इसकी वजह जरूर समझें।
सर्विस रिकॉर्ड और मेंटेनेंस हिस्ट्री मांगें
- पुरानी कार खरीदने से पहले विक्रेता से उसकी सर्विस हिस्ट्री जरूर मांगें। नियमित सर्विस के बिल और मेंटेनेंस रिकॉर्ड से पता चलता है कि कार की समय-समय पर देखभाल हुई है या नहीं।
- अगर बेचने वाले ने नियमित सर्विस के बिल या मेंटेनेंस रिकॉर्ड नहीं दिखा पाता, तो कार की देखभाल को लेकर सवाल उठते हैं। ऐसे में गाड़ी की दूसरी जरूरी जांच कराए बिना खरीदारी का फैसला न करें।
टायरों की घिसावट और मैन्युफैक्चरिंग डेट जांचें
कार के टायर भी उसकी स्थिति के बारे में जानकारी देते हैं। खरीदने से पहले चारों टायरों की घिसावट को ध्यान से देखें। इसके साथ ही टायरों की मैन्युफैक्चरिंग डेट भी जांचें। टायरों की स्थिति और उम्र का पता होने से यह समझने में मदद मिलती है कि खरीदारी के बाद उन्हें बदलने की जरूरत पड़ सकती है या नहीं।
मैकेनिक से करवाएं प्री-परचेज इंस्पेक्शन
- यह बहुत जरूरी स्टेप हो सकता है। कार की असली स्थिति जानने के लिए किसी भरोसेमंद मैकेनिक से प्री-परचेज इंस्पेक्शन करवाना बेहतर रहता है। इसके साथ ही कंप्यूटर स्कैनिंग भी कराएं, ताकि कार के सिस्टम में मौजूद संभावित खराबियों का पता लगाया जा सके।
- टेस्ट ड्राइव लेकर ब्रेक, क्लच, गियर और स्टेयरिंग की जांच भी जरूर करें। इससे कार चलाने के दौरान सामने आने वाली समस्याओं को समझने में मदद मिलती है।
किन बातों का ध्यान रखकर करें खरीदारी?
सेकेंड हैंड कार खरीदते समय जल्दबाजी करने के बजाय उसकी अच्छी तरह जांच करना जरूरी है। साइलेंसर से निकलने वाला धुआं, इंजन की आवाज, डैशबोर्ड की वार्निंग लाइट, बॉडी पर एक्सीडेंट के निशान, सर्विस रिकॉर्ड और टायरों की स्थिति जैसे संकेतों को नजरअंदाज न करें। खरीदारी से पहले मैकेनिक से जांच और टेस्ट ड्राइव कराने से खराब कार खरीदने और बाद में होने वाले बड़े खर्च से बचने में मदद मिल सकती है।