कम मजबूती और खूबसूरती के कारण अभी तक आप इलेक्ट्रिक स्कूटर लेने से बच रहे हैं तो तैयार हो जाईये। इलैक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी टैरा मोटर्स भारत में नया स्टाइलिश स्कूटर लेकर आ रही है।
जापानी कंपनी टैरा मोटर्स भारत सहित एशियन मार्केट में अपना इलेक्ट्रिक स्कूटर ए 4000 आई लॉन्च करने वाली है। इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें आईफोन इनबिल्ड किया गया है।
स्कूटर में आईफोन लगाने का मकसद उसको स्टेटस और नेविगेशन तकनीक के तौर पर इस्तेमाल करना है। कंपनी ने हाल ही में अपने इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को टोक्यो आटो एक्सपो में दिखाया था। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक भारत में ये स्कूटर साल के अंत तक लॉन्च होगा।
ए 4000 आई अपनी तरह का पहला स्कूटर होगा जिसमें स्मार्टफोन इनबिल्ड है। उम्मीद जताई जा रही है आईफोन के अलावा इसमें दूसरे स्मार्टफोन इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इसमें इनबिल्ड स्मार्टफोन आपको बैटरी स्टेटस, बैटरी का माइलेज की जानकारी और एवरेज स्पीड की जानकारी देगा।
टैरा मोटर्स का लक्ष्य शुरूआत में 2000 स्कूटर बेचने का लक्ष्य है। इसके बाद कंपनी ने ग्लोबली 2015 तक 1 लाख स्कूटर बेचने का लक्ष्य बना रखा है।
कंपनी ने अपने इस स्कूटर में टैरा लिथियम ईओन बैटरी पैक का इस्तेमाल किया है जो इसको 50 हजार किमी तक चलने में मदद करती है। एक बार में फुल चार्ज होने के बाद स्कूटर 65 किमी तक चलता है। स्कूटर की बैट्री 4.5 घंटे में फुल चार्ज की जा सकती है।
कंपनी वियतनाम स्थित अपने संयंत्र में इस इलेक्ट्रिक स्कूटर का निर्माण करेगी। भारत में भी इसकी कीमत भारतीय बाजार के अनुसार ही तय की जाएगी। अगर योजनाएं सही रहीं तो ये स्कूटर इलेक्ट्रॉनिक वाहनों में क्रांति साबित होगा।