जापानी कंपनी होंडा ने दोपहिया वाहन बाजार में पहले पायदान पर काबिज अपनी पूर्व सहयोगी हीरो मोटोकार्प को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत, होंडा की योजना 2019-20 तक देश में अपने आठ संयंत्रों से सालाना 1 करोड़ मोटरसाइकिलों का उत्पादन करने की है। इसके अलावा, कंपनी की भारतीय इकाई होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) की योजना बाजार में नए मॉडल पेश करने और स्थानीय बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए कम कीमत के उत्पाद तैयार करने की है।
कंपनी ने बताया कि कर्नाटक में अपने तीसरे प्लांट के लिए वह करीब 4,000 लोगों की नियुक्तियां करेगी। एचएमएसआई के प्रेसिडेंट व सीईओ केता मुरामात्सु ने कहा कि वित्त वर्ष 2013-14 में कर्नाटक में हमारा तीसरा प्लांट शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही कंपनी की सालाना उत्पादन क्षमता बढ़कर 40 लाख इकाई हो जाएगी। 2019-20 तक कंपनी की योजना अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 1 करोड़ इकाई सालाना करने की है।
इससे पहले, होंडा की पूर्व सहयोगी हीरो मोटोकार्प ने घोषणा की है कि अगले पांच साल में उसका लक्ष्य 1 करोड़ दोपहिया की बिक्री के साथ 10 अरब डॉलर का टर्नओवर हासिल करने का है। इस कुल बिक्री में कंपनी की योजना 10 फीसदी निर्यात करने का है।