दोपहिया वाहन बनाने वाली जापानी कंपनी होंडा का दावा है कि उनकी कंपनी ने
इस साल जुलाई में रिकॉर्ड बिक्री की है। पिछले 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ते
हुए होंडा भारत की दूसरी बड़ी कंपनी बन गई है।
अपने जुलाई के आंकड़ों को सार्वजनिक करते हुए होंडा ने बताया कि कंपनी ने इस माह 2,87,177 वाहन बेचे हैं। जो पिछले साल के जुलाई के आंकड़ों की तुलना में 20 प्रतिशत से ज्यादा है।
कंपनी का दावा है कि ये रिकॉर्ड तोड़ बिक्री पिछले 13 सालों में सबसे ज्यादा है। इन्हीं आंकड़ों की बदौलत ताजा स्थिति में होंडा ने बजाज को पछाड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है।
बाइक देखो साइट के मुताबिक होंडा ने इस साल जुलाई में 1,47,635 मोटर साइकिल और 1,39,542 स्कूटर की बिक्री की है। ऐसा पहली बार हुआ है कि जब होंडा की मोटरसाइकिल ने स्कूटर के आंकड़े को पीछे छोड़ा है।
मोटरसाइकिल बिक्री में इस साल होंडा की 35 प्रतिशत सेल बढ़ी है और स्कूटर की सेल में 8 प्रतिशत का फायदा हुआ है। मोटरसाइकिल की दुनिया में होंडा ने एक से बढ़कर एक मॉडल लॉन्च किए।
हाल ही में लॉन्च होंडा के नए मॉडल
1. होंडा नियो- होंडा ने हाल ही में अपनी 110 सीसी सेगेमेंट की बाइक लॉन्च की है। स्प्लेंडर और पैशन प्रो जैसी किफायती बाइक को टक्कर देने के लिए होंडा ने अपनी ये नई बाइक उतारी है।
माइलेज में बेस्ट है ड्रीम नीयो
साधारण डिजाइन वाली इस बाइक की यूएसपी इसका माइलेज है। होंडा ने एचईटी (होंडा ईको टेक्नोलॉजी) तकनीक के जरिए इसमें 74 किमी प्रति लीटर माइलेज देने का दावा किया है। इस नई बाइक को ग्राहक जमकर पसंद कर रहे हैं।
2. एक्टिवा आई- होंडा ने हाल ही में एक्टिवा के इस नए वर्जन को लॉन्च किया है। कंपनी ने अपने इस नए स्कूटर में काफी बदलाव किए हैं। कंपनी ने इसमें भी ज्यादा माइलेज एईटी तकनीक का इस्तेमाल किया है।
माइलेज और स्टाइल का तड़का है एक्टिवा आई
इसके वजन को पहले की तुलना में कम और डिजाइन में भी बदलाव किया गया है। ये होंडा का सबसे ज्यादा बिकने वाला स्कूटर है। इसलिए कंपनी का दांव होगा कि इसकी बादशाहत कायम रखी जाए।
3. ड्रीम युगा- होंडा ने नियो से पहले ड्रीम युगा को लॉन्च किया था। युगा में वहीं इंजन है जो नियो में इस्तेमाल किया गया है। इसमें भी बेहतर माइलेज के लिए कंपनी अपनी नई तकनीक लाई है।
ये एंट्री लेवल बाइक स्प्लेंडर और पैशन प्रो से कुछ अलग खरीदने वालों के लिए बढ़िय़ा विकल्प है।
युगा भी युवाओं द्वारा खूब पसंद की जा रही है। होंडा के इन्हीं तीनों लॉन्च ने बिक्री के रिकॉर्ड तोड़ने में मदद की है।