आप अगर 150 सीसी में एक स्टाइलिश बाइक लेना चाहते हैं और नए नए मॉडल को लेकर कन्फ्यूज हैं, तो होंडा सीबी ट्रिगर और यामाहा एफजेड-एस आपके लिए एक बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
जानिए इन दोनों बाइक्स में कौन सा बेहतर विकल्प है जो आपकी तलाश को करेगा पूरा।
होंडा सीबी ट्रिगर - अपने बेहतर इंजन और कम्फर्ट के मामले में जानी जाने वाली होंडा की नई सीबी ट्रिगर ग्राहकों के लिए मौजूद है। अगर इंजन की बात करें तो 150 सीसी कैटेगरी की इस बाइक में 149.1 सीसी का इंजन है।
ये इंजन इसे 8500 आरपीएम पर 14 पीएस की पॉवर देता है। इसमें एयर कूल्ड 4 स्ट्रोक सिलेंडर इंजन है। अपने इंजन की पॉवर से ये बाइक 6 सेकेंड में 0-60 किमी और 20.9 सेकेंड में 0-100 किमी की स्पीड हासिल कर लेता है।
इसकी टॉप स्पीड 107.3 किमी प्रति घंटा है। पिक-अप के मामले में होंडा की बाइक्स बाकी सभी बाइक्स की तुलना में सबसे बढ़िया हैं। चाहें वह शाइन हो, यूनिकॉर्न या अपने सेगमेंट में ड्रीम युग हो।
इसके साथ ही होंडा में इंजन की साउंड कम होती है जो एक स्मूथ ड्राइव देती है। इसमें एक आगे और बाकी पीछे चार गेयर हैं। यदि ब्रेकिंग की बात की जाए तो ये 60-0 किमी/प्रतिघंटे की स्पीड को ये 2.2 सेकेंड में 18 मीटर पर ही रोक देता है।
एवरेज- एवरेज की बात करें तो कंपनी का दावा है कि सीबी ट्रिगर सिटी में 42.3 किमी/प्रतिलीटर और हाइवे पर 61.9 किमी/प्रतिलीटर देगी। ओवरआल ट्रिगर 47.2 किमी/प्रतिलीटर का एवरेज देगी।
लुक्स- लुक्स के मामले में सीबी ट्रिगर औसत है। इसका बड़ा फ्यूल टैंक और दबी हुई हैडलाइट आपको यामाहा की एफजेड का एहसास देगी। हालांकि ये इत्तेफाक हो सकता है।
इसका स्पीडोमीटर पूरी तरह इलैक्ट्रोनिक है जो एक ही स्क्रीन पर फ्यूल, स्पीड और मीटर को शो करता है। होंडा की दूसरी बाइक की तुलना में इसकी चॉक स्पीडोमीटर के पास है। स्पीडोमीटर पर ही इंडिकेटर के लिए दो बटन मौजूद हैं जो नया प्रयोग है।
इसका इंजन और एलॉय व्हील ब्लैक रंग के हैं। लैमन कलर के साथ ये बाइक बेहद खूबसूरत लगती है। इस बाइक पर दो लोग बड़े ही आराम के साथ लंबा सफर कर सकते हैं।
सस्पेंशन - ट्रिगर के आगे वाले सस्पेंशन टेलिस्कोपिक फोर्क है और पीछे वाले सस्पेंशन मोनोशॉक है।
वैरिएंट- ये बाइक तीन अलग अलग वैरिएंट में मौजूद है जिसे स्टैंडर्ड, डीलक्स और सीबीएस है।
कीमत- दिल्ली में अलग अलग वैरिएंट में इसकी कीमत 67,400 से 76,900 तक है।
यामाहा एफजेड एस-
यामाहा की एफजेड एस अपनी दूसरी बाइक्स की तुलना में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली बाइक है। खासतौर पर 150 सीसी में पल्सर से कुछ अलग चाहने वालों के लिए ये एक बेहतर विकल्प साबित हुआ।
इंजन - इंजन की बात करें तो ये 153 सीसी की बाइक है जो 7500 आरपीएम पर 14 पीएस की ताकत देती है जो होंडा सीबी ट्रिगर के बराबर है। स्ट्रोक, सिलेंडर और एयर कूल्ड में भी दोनों बाइक्स एक फीचर वाली हैं।
इंजन की ताकत के मामले में ये संतुष्ट करने वाली बाइक है। इसकी ताकत इसे चलाने के दौरान महसूस हो जाती है। उदाहरण के लिए 0-60 किमी/प्रतिघंटे की रफ्तार ये 5.2 सेकेंड और 0-100 किमी/प्रतिघंटे की रफ्तार ये 19.8 सेकेंड में हासिल कर लेती है जो ट्रिगर के मुकाबले बेहतर है।
इसकी टॉप स्पीड 106.7 किमी/प्रतिघंटे है। जो होंडा ट्रिगर के मुकाबले कम है। यदि ब्रेकिंग की बात की जाए तो ये 60-0 किमी/प्रतिघंटे की स्पीड को ये 2.1 सेकेंड में 17.9 मीटर पर ही रोक देता है। अगर इंजन की स्मूथनेस की बात की जाए तो यहां ट्रिगर ज्यादा बेहतर है।
लुक्स - लुक्स की बात की जाए तो यामाहा एफजेड पहले से ही युवाओं की पसंद बनी हुई है। इसके और ट्रिगर का फ्रंट लुक लगभग एक सा है। लेकिन ओवर ऑल एफजेड इक्कीस साबित होती है।
इसका स्टाइलिश फ्यूल टैंक, एग्रेसिव हैडलैंप, चौड़े टायर इसे स्पोर्टी लुक देते हैं। इसकी सीट इस तरह अरेंज की गई है कि बैठने वाले का वजन हैंडल पर आ जाता है। हालांकि लंबी ड्राइव के लिए ये कम आरामदायक है।
एवरेज - कंपनी का दावा है कि एफजेड-एस शहर में 46.4 किमी/प्रतिलीटर, हाइवे पर 53.2 किमी/प्रतिलीटर और कुल मिलाकर 48.1 किमी/प्रतिलीटर का एवरेज देगी। दोनों ही बाइक्स में ये अंतर महीन हैं।
सस्पेंशन - यामाहा एफजेड-एस में भी आगे वाले सस्पेंशन टेलिस्कोपिक फोर्क है और पीछे वाले सस्पेंशन मोनोशॉक है।
कीमत - दिल्ली में इसकी एक्स शो रूम कीमत 70,300 से 72,335 है।