देश की सबसे मशहुर बाइक निर्माता कंपनी बजाज ने अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक पल्सर को नए अवतार में लांच कर दिया है। 125 सीसी की इस बाइक में ड्यूल सीट सेट-अप, बेली पैन मैट कलर स्कीम में दिया जाएगा।
इस बाइक में फ्यूल इंजेक्शन और सीबीएस जैसे खास फीचर्स दिए गए हैं।
साथ ही इसमें टेलिस्कोपिक फॉर्क और मोनोशॉक सस्पेंशन भी दिए गए हैं। इसके फ्रंट में 240 एमएम पावर ब्रेक और बैक में 130 एमएम ड्रम ब्रेक दिया गया हैं। नई बजाज पल्सर में कंपनी ने 124.4 सीसी का सिंगल सिलेंडर, 4 वाल्व फ्यूल इंजेक्टेड एयर-कूल्ड डीटीएस-आई इंजन दिया है जो कि 12 एचपी की पावर और 11एनएम का टार्क जनरेट करने की क्षमता रखता है।
नई बजाज पल्सर का कुल वजन 126.5 किलो है वहीं इस बाइक का ग्राउंड क्लियरेंस 170 एमएम और व्हीलबेस 1,325 एमएम होगा। हालांकि इस बजाज पल्सर के नए अवतार को अभी पोलैंड में लांच किया गया है। उम्मीद है, इसे भारत में भी जल्द लांच किया जा सकता है। पोलैंड में लांच हुई इस बाइक की कीमत कंपनी ने 7,999 पोलैंड करेंसी रखी है जो कि भारतीय रुपये के हिसाब से 1.59 लाख रुपये है।
बता दें, बजाज ऑटो की कुल बिक्री 17 प्रतिशत बढ़कर 5,02,009 इकाइयों पर पहुंच गयी। कंपनी ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। पिछले साल कंपनी का यह आंकडा सितंबर में कुल 4,28,752 इकाई था। कंपनी ने जारी बयान में कहा कि आलोच्य महीने में उसकी घरेलू बिक्री पिछले साल की तुलना में 11 प्रतिशत बढ़कर 3,11,503 इकाइयों पर पहुंच गयी। जहां इस दौरान घरेलू बाजार में मोटरसाइकिलों की बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 2,73,029 इकाइयों पर पहुंच गयी।
वहीं व्यावसायिक वाहनों की बिक्री भी 34,361 इकाइयों से बढ़कर 38,474 इकाइयों पर पहुंच गई है। कंपनी ने कहा कि इस दौरान उसने 1,90,506 वाहन निर्यात किये। यह पिछले साल के सितंबर की 1,46,973 इकाइयों की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है।