बाइक राइडिंग का असली मजा तभी आता है, जब बाइक स्मूथ चले, लेकिन क्या आप जानते हैं बाइक की चेन की अनदेखी आपके सफर को मुसीबत में डाल सकती है। धूल, मिट्टी और गंदगी जमने से चेन जंग लगकर टूट सकती है, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हो सकता है। आइए जानते हैं बाइक की चेन को कितने किमी के बाद साफ और ल्यूब करना चाहिए और बाइक की सही देखभाल और सफाई का तरीका क्या है।
मोटरसाइकिल बाइक को लंबी उम्र और स्मूथ परफॉर्मेंस देने के लिए उसकी सही देखभाल करना बेहद जरूरी है। बाइक का एक सबसे अहम हिस्सा उसकी चेन होती है, जो खुले में होने की वजह से सबसे ज्यादा धूल, मिट्टी और गंदगी की चपेट में आती है। अगर समय रहते बाइक की चेन की सफाई और ऑयलिंग न की जाए, तो यह न केवल बाइक की परफॉर्मेंस खराब करती है, बल्कि राइडिंग के दौरान किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकती है।
विज्ञापन
कितने किलोमीटर चलने के बाद करें चेन साफ?
हर सामान्य राइडर यानी रोजाना सिर्फ शहर में ऑफिस आने-जाने वाले चालक को 500 से 700 किलोमीटर बाइक चलाने के बाद चेन की अच्छी तरह सफाई और ऑयलिंग (ल्यूब) करनी चाहिए। अगर आप ज्यादातर धूल भरे, रेतीले या उबड़-खाबड़ रास्तों पर राइड करते हैं, तो आपको 500 किमी से पहले ही चेन साफ करने की जरूरत पड़ सकती है।
नियमित सफाई और ऑयलिंग क्यों जरूरी है?
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि चेन की देखभाल न करने से कई तरह की समस्याएं आ सकती हैं।
लंबी उम्र: धूल और गंदगी की वजह से चेन के छोटे-छोटे पुर्जे तेजी से घिसते हैं। नियमित ऑयलिंग से चेन की लाइफ बढ़ती है।
स्मूथ परफॉर्मेंस और माइलेज: साफ और ल्यूब की हुई चेन से बाइक का पिकअप बेहतर होता है, राइडिंग स्मूथ लगती है और फ्यूल (पेट्रोल) की खपत भी कम होती है।
सुरक्षा: गंदी और सूखी चेन चलते-चलते टूट सकती है, जो तेज रफ्तार में बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।
ऑयलिंग न करने से हो सकता है हजारों का नुकसान
विज्ञापन
कई बाइकर्स चेन से गंदगी तो हटा देते हैं लेकिन उस पर ऑयलिंग करना भूल जाते हैं, जो सबसे बड़ी गलती मानी जाती है।
जंग का खतरा: सिर्फ पानी या क्लीनर से साफ करने के बाद अगर तेल या ल्यूब न लगाया जाए, तो चेन सूख जाती है और उसमें जंग लगने का खतरा बढ़ जाता है।
महंगा रिपेयर: जंग लगी चेन बहुत जल्द टूट जाती है या स्प्रोकेट को खराब कर देती है, जिससे आपको भारी-भरकम खर्च उठाकर पूरा चेन-सेट बदलना पड़ सकता है।
बाइक चेन साफ करने का सही तरीका क्या है?
अगर आप भी घर बैठे बिना पैसे खर्च किए अपने बाइक की चेन की सफाई करना चाहते हैं, तो इन स्टेप्स को फॉलो करें...
क्लीनर का इस्तेमाल: चेन को साफ करने के लिए हमेशा अच्छी क्वालिटी के चेन क्लीनर और चेन ब्रश का ही इस्तेमाल करें।
पोंछना: सफाई के बाद पूरी गंदगी हटने पर चेन को एक सूखे और साफ कपड़े से अच्छे से पोंछ लें।
सही ऑयलिंग या ल्यूब: अब अच्छी क्वालिटी का चेन ल्यूब या ऑयल चेन पर लगाएं। सुनिश्चित करें कि तेल चेन के सभी लिंक्स और पार्ट्स पर ठीक से पहुंचे।
ज्यादा तेल न लगाएं: चेन पर जरूरत से ज्यादा ऑयल न लगाएं, क्योंकि अतिरिक्त तेल पर बाहर की धूल और मिट्टी बहुत जल्दी चिपक जाती है।