घर में नई कार लाने का सपना है, पर जेब 6 लाख रुपये पर आकर रुक जाती है? तो परेशान होने की जरूरत नहीं। आज बाजार में एसयूवी जैसा रुतबा देने वाली पंच से लेकर स्टाइलिश स्विफ्ट और माइलेज की बादशाह वैगन आर तक, कई दमदार कारें इसी बजट में मौजूद हैं। कीमत, इंजन और माइलेज के साथ जानिए, आपके परिवार और जरूरत के हिसाब से कौन सी कार रहेगी सबसे सही।
1. टाटा पंच
अगर आप छोटी एसयूवी जैसा रुतबा चाहते हैं, तो पंच आपकी पहली पसंद हो सकती है। इसका बेस पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट 5.65 लाख रुपये तक मिल सकता है। इसमें 1199 सीसी इंजन है, जो करीब 88 एचपी की ताकत और 115 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी पेट्रोल पर 18.8 से 20 किमी प्रति लीटर के माइलेट का दावा करती है।
2. मारुति स्विफ्ट
स्टाइल और भरोसे का मेल चाहिए तो स्विफ्ट आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। इसका बेस वेरिएंट 5.79 लाख रुपये में मिलता है। नई पीढ़ी की स्विफ्ट में 1.2 लीटर का तीन सिलेंडर इंजन है, जो 82 पीएस पावर और 112 एनएम टॉर्क देता है। कंपनी के दावे के मुताबिक मैनुअल में माइलेज 24.8 किमी प्रति लीटर है।
3. टाटा टियागो
बजट में सबसे सस्ता विकल्प चाहने वालों के लिए टियागो अच्छी कार साबित हो सकती हैहै। इसकी शुरुआती कीमत 4.57 लाख रुपये बताई गई है। पेट्रोल का माइलेज करीब 19 किमी प्रति लीटर माना जाता है। CNG का शौक है तो इसमें 1.2 लीटर इंजन के साथ 73.4 पीएस पावर और 95 एनएम टॉर्क मिलता है। हालांकि CNG वेरिएंट के दाम अलग होते हैं, इसलिए खरीद से पहले शोरूम में पक्का कर लें।
4. मारुति वैगन आर
परिवार के लिए जगह और कम खर्च चाहिए तो वैगन आर ठीक रहेगी। इसकी कीमत 4.99 लाख रुपये से शुरू होती है। 1.0 लीटर इंजन करीब 65.7 बीएचपी और 89 एनएम टॉर्क जनरेट करता है, जबकि 1.2 लीटर इंजन 88.5 बीएचपी और 113 एनएम निकालता है। पेट्रोल पर माइलेज 25.19 किमी प्रति लीटर तक और CNG पर 33.47 किमी प्रति किलो तक का दावा है। इसमें बूट स्पेस करीब 335 लीटर का मिलता है।
5. हुंडई ग्रैंड i10 निओस
फीचर्स और केबिन क्वालिटी पर जोर देने वालों के लिए यह अच्छा विकल्प है। इसकी शुरुआती कीमत 5.47 लाख रुपये है। इसमें 1197 सीसी इंजन है, जो 83 एचपी की ताकत और 113.8 एनएम का टॉर्क देता है, और माइलेज 16 से 18 किमी प्रति लीटर रहता है।
आपके लिए कौन सी कार है सबसे सही?
एसयूवी वाला लुक चाहिए तो पंच, स्टाइल और ड्राइविंग का मजा चाहिए तो स्विफ्ट। सबसे कम बजट में टियागो, परिवार और माइलेज के लिए वैगन आर, और फीचर्स के लिए निओस सही रहेगी। खरीदने से पहले अपने शहर का ऑन-रोड दाम जरूर देख लें, क्योंकि रजिस्ट्रेशन और बीमा जुड़ने पर कीमत काफी बढ़ जाती है।